उचकागांव. आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर जिले की सियासत में सरगर्मी बढ़ गयी है. विभिन्न राजनीतिक दल लगातार जनसभाओं और बैठकों के जरिये अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गये हैं. इसी क्रम में शुक्रवार को हथुआ विधानसभा क्षेत्र के बड़कागांव स्थित मुक्ति आदर्श उच्च विद्यालय परिसर में एनडीए की ओर से बड़ी सभा का आयोजन किया जा रहा है. कार्यक्रम में एनडीए के जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर के नेता शिरकत करेंगे. नेताओं का मुख्य फोकस बिहार की डबल इंजन सरकार और केंद्र सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों को जनता के बीच रखना होगा. बताया जा रहा है कि इस अवसर पर स्थानीय स्तर पर बड़ी संख्या में लोग एनडीए की सदस्यता ग्रहण कर सकते हैं. विस क्षेत्र स्तरीय इस सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए एनडीए कार्यकर्ता लगातार गांव-गांव जाकर लोगों से जुड़ रहे हैं. कार्यकर्ता ‘सुशासन के कार्य’ कार्यक्रम के तहत घर-घर पहुंचकर नीतीश कुमार की सरकार द्वारा किये गये विकास कार्यों की जानकारी दे रहे थे. अब उसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए विधानसभा स्तर पर शक्ति प्रदर्शन किया जा रहा है. एनडीए नेताओं का दावा है कि इस सभा से चुनावी रणनीति को नया बल मिलेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
