Gopalganj News : गोपालपुर थाना क्षेत्र के बरनैया राजाराम गांव में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाकर पांच लाख रुपये से अधिक की संपत्ति चोरी कर ली. गृहस्वामी के परिवार के साथ दिल्ली में होने का फायदा उठाकर चोरों ने मकान के ताले तोड़े और नकदी, गहने समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गये. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है.
ग्रामीणों ने देखा टूटा हुआ ताला, फिर खुला चोरी का राज
बरनैया राजाराम गांव निवासी नंदकिशोर राय अपने परिवार के साथ दिल्ली गये हुए हैं. मंगलवार को ग्रामीणों की नजर उनके मकान के टूटे हुए ताले पर पड़ी. इसके बाद ग्रामीणों ने गोपालपुर पुलिस और गृहस्वामी को घटना की जानकारी दी. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मकान की जांच की.
तीन कमरों के ताले टूटे, घर का सामान बिखरा मिला
पुलिस की जांच में मकान के तीन कमरों के ताले टूटे मिले. कमरों में रखी अलमारियों और बक्सों के ताले भी क्षतिग्रस्त थे. घर के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला, जिससे पुलिस ने चोरी की घटना का अंदेशा जताया है.
मौके से ताला तोड़ने का उपकरण और झोला बरामद
जांच के दौरान पुलिस को घटनास्थल से ताला तोड़ने में इस्तेमाल होने वाला एक उपकरण मिला. इसके अलावा एक झोले में रखे कुछ अन्य सामान भी बरामद किये गये हैं. पुलिस को आशंका है कि चोर जल्दबाजी में इन सामानों को मौके पर छोड़कर फरार हो गये.
गृहस्वामी ने फोन पर बतायी पांच लाख से अधिक की चोरी
गृहस्वामी नंदकिशोर राय ने फोन पर पुलिस को बताया कि घर में रखे गहने, कीमती कपड़े और अन्य घरेलू सामान की कीमत पांच लाख रुपये से अधिक हो सकती है. हालांकि, चोरी गयी संपत्ति का वास्तविक आकलन नंदकिशोर राय के दिल्ली से लौटने के बाद ही हो सकेगा.
गृहस्वामी के लौटने पर दर्ज होगी प्राथमिकी
पुलिस फिलहाल मामले की जांच में जुटी है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर चोरों का सुराग लगाने का प्रयास कर रही है. गृहस्वामी के दिल्ली से लौटने के बाद चोरी गये सामान का विस्तृत आकलन किया जायेगा, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
