Sawan Somwari: स्थानीय प्रखंड के विदेशीटोला पंचायत के शिवस्थान स्थित बाबा सिद्धेश्वर नाथ शिव मंदिर से सावन माह की तीसरी सोमवारी को गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें 501 कुंवारी कन्याओं के साथ ही काफी संख्या में शिव भक्त शामिल हुए। कलश यात्रा शिव मंदिर परिसर से निकलकर पांच किलोमीटर चलकर थावे बाजार होते हुए गोपालगंज-मीरगंज एनएच 531 से होकर इटवा धाम पहुंची.
रास्ते में भोलेनाथ के गानों पर झूमते नजर आए शिव भक्त
कलश यात्रा के दौरान रास्ते में शिव भक्त भोलेनाथ के गानों पर झूमते नजर आए। वहीं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जल भरकर वापस लछवार, चनावे, वृंदावन एवं दुर्गा मंदिर गोलंबर चौक होते हुए शिव मंदिर परिसर में पहुंचे। जहां सभी भक्तों ने भोलेनाथ के शिवलिंग पर जलाभिषेक किया। इस दौरान हर-हर महादेव के नारे से पूरा मंदिर गूंज उठा.
नारायणपुर शिव मंदिर से भी निकली कलश यात्रा
वहीं दूसरी तरफ नारायणपुर शिव मंदिर से गाजे-बाजे के साथ कलश यात्रा निकाली गई। जिसमें 1001 शिव भक्त शामिल हुए। कलश यात्रा नारायणपुर शिव मंदिर से निकलकर इटवा धाम पहुंची। जहां आचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर कलश में जल भरा गया.
भांग, धतूरा, बेलपत्र, मदार एवं दूध से किया जलाभिषेक
कलश में जल भरकर सभी शिव भक्त नारायणपुर शिव मंदिर पहुंचे. जहां सभी शिव भक्तों ने भांग, धतूरा, बेलपत्र, मदार एवं दूध के साथ भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। सावन की तीसरी सोमवारी पर दोनों शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ रही और पूरा क्षेत्र भक्तिमय बना रहा.
Also Read: अशोकधाम मंदिर में हादसा, तार गिरने और भगदड़ से 7 महिला श्रद्धालुओं की मौत, कई घायल
