Gopalganj News: जिले के बैकुंठपुर स्थित प्रसिद्ध बाबा धनेश्वरनाथ धाम (सिंहासनी धाम) में आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित सिंहासनी महोत्सव की तिथि में आंशिक बदलाव किया गया है. आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक सुगमता को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा निर्णय लिया है. अब यह महोत्सव पूर्व निर्धारित तिथि 24 अगस्त के स्थान पर 25 अगस्त 2026 (मंगलवार) को आयोजित किया जाएगा.
सोमवार की भीड़ को देखते हुए बदली गई तिथि
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि 24 अगस्त को सावन/भादों माह का सोमवार होने के कारण बाबा धनेश्वरनाथ मंदिर सहित तमाम शिवालयों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटने की प्रबल संभावना है. ऐसे में विधि-व्यवस्था और सुरक्षा को सुदृढ़ रखने के उद्देश्य से महोत्सव की तिथि को एक दिन आगे बढ़ाते हुए 25 अगस्त तय किया गया है.
कार्यक्रम का आयोजन 25 अगस्त (मंगलवार) को अपराह्न 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक बैकुंठपुर स्थित सिंहासनी धाम परिसर में होगा.
मनोज तिवारी और अनुपमा यादव की होगी खास प्रस्तुति
इस भव्य सांस्कृतिक महोत्सव में भोजपुरी एवं राष्ट्रीय फलक के सुपरस्टार गायक व सांसद मनोज तिवारी, प्रसिद्ध लोकगायिका अनुपमा यादव सहित कई जाने-माने राष्ट्रीय और स्थानीय कलाकार अपनी संगीतमय प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे. कार्यक्रम को लेकर क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह का माहौल है.
जिला प्रशासन ने की सहयोग की अपील
महोत्सव के सफल और शांतिपूर्ण संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. प्रशासन ने श्रद्धालुओं एवं स्थानीय नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय और तिथि के अनुसार कार्यक्रम में भाग लें तथा सुरक्षा व ट्रैफिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन करें.
