Sinhasani Mahotsav: जिले के प्रसिद्ध बाबा धनेश्वरनाथ महादेव सिंहासनी महोत्सव-2026 की सुरमई शाम मंगलवार, 25 अगस्त को भोजपुरी सिनेमा और लोक संगीत के नामचीन कलाकारों के नाम होगी. महोत्सव में भोजपुरी के लोकप्रिय गायक-अभिनेता अरविंद अकेला ‘कल्लू’ और चर्चित गायिका अनुपमा यादव मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
इसके अलावा विजय चौहान, शिल्पी राज, शरद शर्मा और अलका सिंह पहाड़िया अपने-अपने समूह के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगी. महोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग तथा गोपालगंज जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव का सांस्कृतिक कार्यक्रम 25 अगस्त को अपराह्न तीन बजे शुरू होगा.
पांच मंत्री करेंगे महोत्सव का उद्घाटन
महोत्सव का उद्घाटन बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप जायसवाल, कृषि मंत्री सह गोपालगंज प्रभारी विजय कुमार सिन्हा और कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री प्रमोद कुमार करेंगे. मुख्य अतिथियों में शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार तिवारी और ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार शामिल होंगे.
वहीं, अति विशिष्ट अतिथियों के रूप में लोकसभा सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन और राज्यसभा सांसद मनन कुमार मिश्र कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे.
कई जनप्रतिनिधियों की रहेगी मौजूदगी
महोत्सव में बिहार विधान परिषद के उप मुख्य सचेतक जनक राम, बिहार विधानसभा के उप मुख्य सचेतक मंजीत कुमार सिंह, विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय, रामसेवक सिंह, सुभाष सिंह और विधान पार्षद वीरेंद्र नारायण यादव समेत कई जनप्रतिनिधि शामिल होंगे.
इसके अलावा अफाक अहमद, राजीव कुमार उर्फ गप्पू बाबू, जिला परिषद अध्यक्ष अमित कुमार, उपाध्यक्ष दीपक कुमार दीपू, जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष संदीप गिरी तथा आदित्य शंकर शाही सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की भी मौजूदगी रहेगी.
भोजपुरी कलाकारों की प्रस्तुति बनेगी खास आकर्षण
सिंहासनी महोत्सव में भोजपुरी गायक-अभिनेता अरविंद अकेला ‘कल्लू’ और गायिका अनुपमा यादव की प्रस्तुति को लेकर लोगों में खासा उत्साह है. विजय चौहान, शिल्पी राज, शरद शर्मा और अलका सिंह पहाड़िया भी अपने गीत-संगीत से दर्शकों का मनोरंजन करेंगी.
महोत्सव को लेकर आसपास के क्षेत्रों के लोगों में भी उत्साह है. कार्यक्रम स्थल पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के लिए तैयारियां पूरी की जा रही हैं.
सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के पुख्ता इंतजाम
महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की है. भीड़ प्रबंधन, यातायात और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं.
जिला प्रशासन, संबंधित विभागों के अधिकारी और स्थानीय कार्यकर्ता तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हैं. कार्यक्रम में आने वाले श्रद्धालुओं और दर्शकों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसके लिए विभिन्न स्तरों पर व्यवस्था की जा रही है.
इसे भी पढ़ें: उपेंद्र कुशवाहा का आया बयान, तेजस्वी भी समर्थन में; पटना के आंदोलनकारी छात्र सड़क पर उतरने को तैयार
