Gopalganj News: सासामुसा चीनी मिल को पुनः चालू कराने तथा किसानों और मजदूरों के वर्षों से लंबित बकाया भुगतान की मांग को लेकर किसान संघर्ष समिति के पदाधिकारियों एवं किसानों ने मंगलवार को बरौली के विधायक मंजीत सिंह से शिष्टाचार मुलाकात की. इस दौरान समिति की ओर से विधायक को विभिन्न मांगों से संबंधित एक ज्ञापन भी सौंपा गया.
चीनी मिल को जल्द चालू कराने की उठी मांग
किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों ने विधायक के समक्ष सासामुसा चीनी मिल को शीघ्र पुनः संचालित कराने की मांग रखी. उनका कहना था कि मिल बंद रहने से क्षेत्र के हजारों गन्ना किसानों और मजदूरों की आजीविका प्रभावित हो रही है. इसलिए सरकार को इस दिशा में जल्द ठोस पहल करनी चाहिए.
बकाया भुगतान में हो रही देरी पर जताई नाराजगी
प्रतिनिधिमंडल ने किसानों और मजदूरों के वर्षों से लंबित बकाया भुगतान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया. समिति ने कहा कि आर्थिक संकट से जूझ रहे किसानों को उनका बकाया जल्द से जल्द दिलाया जाए, ताकि उन्हें राहत मिल सके और खेती-किसानी का कार्य सुचारु रूप से जारी रह सके.
भुगतान की शर्त हटाने की भी की मांग
किसान संघर्ष समिति ने बिहार सरकार द्वारा निर्धारित उस शर्त का भी विरोध किया, जिसके तहत एक सफल पेराई सत्र के बाद ही किसानों के बकाया भुगतान का प्रावधान है. समिति ने मांग की कि इस शर्त को तत्काल समाप्त कर किसानों और मजदूरों के लंबित भुगतान का अविलंब निपटारा किया जाए.
विधायक ने सरकार के समक्ष मामला उठाने का दिया भरोसा
बरौली विधायक मंजीत सिंह ने किसान संघर्ष समिति के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि सासामुसा चीनी मिल, किसानों एवं मजदूरों के बकाया भुगतान सहित सभी मांगों को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा.
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर किसान संघर्ष समिति के संयोजक सत्येन्द्र बैठा, अध्यक्ष मोहम्मद तोहिद, सचिव सुनील यादव, कोषाध्यक्ष गुड्डू प्रसाद, किसान यूनियन नेता मोहम्मद मतीन, सरपंच सुनील कुशवाहा, शुभलाभ, ओमप्रकाश साह, अनुप कुमार, अनिल सिंह, बृजमोहन कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.
Also Read: प्रशांत किशोर की जीत के पीछे 3 रणनीतिकार कौन? जिनकी मदद से नितिन नवीन के किले को ढहाया
