गोपालगंज में राजद की बैठक, नेता बोले -अल्पसंख्यकों के हक-हकूक की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ेगा RJD

राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की बैठक में अली अशरफ फातमी ने कहा कि पार्टी अल्पसंख्यकों के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए हमेशा संघर्ष करती रहेगी।

राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की ओर से सोमवार को गोपालगंज में अल्पसंख्यक समाज की बैठक आयोजित की गयी. बैठक को संबोधित करते हुए राजद अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अली अशरफ फातमी ने कहा कि राजद अल्पसंख्यकों के हक-हकूक की लड़ाई अंतिम दम तक लड़ता रहेगा. उन्होंने सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और वंचित वर्गों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा को पार्टी की प्राथमिकता बताया.

सामाजिक सौहार्द मजबूत करना समय की जरूरत

अली अशरफ फातमी ने कहा कि अल्पसंख्यकों के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए राजद लगातार संघर्ष करता रहेगा. उन्होंने देश की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने को समय की जरूरत बताया. उनके अनुसार, समाज के किसी भी वर्ग को डराने, दबाने या उसके अधिकारों से वंचित करने की कोशिश का पार्टी विरोध करेगी.

समान अवसर और न्याय से ही देश की तरक्की

फातमी ने कहा कि देश की वास्तविक तरक्की तभी संभव है, जब समाज के प्रत्येक वर्ग को समान अवसर, सम्मान और न्याय मिले. उन्होंने कहा कि राजद के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में पार्टी सामाजिक न्याय और धर्मनिरपेक्ष मूल्यों की आवाज को लगातार मजबूती से उठाती रही है.

दलित-पिछड़ों और युवाओं के अधिकार की भी लड़ाई

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यकों के साथ-साथ दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े, गरीब, किसान, मजदूर और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी रहेगी. उन्होंने कार्यकर्ताओं से समाज के वंचित वर्गों के मुद्दों को मजबूती से उठाने की अपील की.

गांव-गांव पहुंचकर लोगों को जागरूक करने की अपील

राजद के प्रधान महासचिव इम्तियाज अली भुट्टो ने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर पहुंचने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि लोगों को सामाजिक न्याय, संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी.

बैठक में कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक की अध्यक्षता राजद के प्रधान महासचिव इम्तियाज अली भुट्टो ने की. इस दौरान गोरेयाकोठी विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अनवारुल हक दरबार, राजद के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव मोहिबुल हसन, अब्दुल सत्तार मुन्ना, फैज अकरम, गुलाम रसूल कप्तान, हसन रजा खां, कमला राय कॉलेज की पूर्व प्राचार्या रुकसाना खातून, गुफरान रशीद, अकबर अब्बास, सहजाद अली, एजाज खान, शाहिद अली, मो. सहीम, आफताब रहीम, सरफुद्दीन आलम, अली अकबर अंसारी, मो. मैनुद्दीन, जुबैर अहमद और सीमा परवीन समेत अन्य मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अवधेश कुमार

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >