भोरे. भोरे प्रखंड के रामनगर में स्थित राम जानकी मठ पर छह मार्च से धीरेंद्र शास्त्री का कार्यक्रम आयोजित है. बागेश्वर धाम सरकार ने खुद वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी है. वीडियो जारी होने के बाद शनिवार को प्रशासनिक टीम कार्यक्रम स्थल पर पहुंची और तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान उनके ठहरने से लेकर मंच पर जाने के रास्ते और जो श्रद्धालु भक्त आयेंगे उनके आने-जाने का मार्ग, गाड़ियों की पार्किंग से लेकर सभी बिंदुओं पर चर्चा की गयी. बता दें कि बागेश्वर धाम सरकार पं. धीरेंद्र शास्त्री की हनुमंत कथा रामनगर में छह से 10 मार्च तक होनी है. इस दौरान दिव्य दरबार भी लगेगा. बीडीओ दिनेश कुमार सिंह, सीओ अनुभव राय, थानाध्यक्ष कैप्टन शाहनवाज रामनगर पहुंचे, जहां उनके ठहरने के लिए बन रहे निवास स्थान को देखा, वहां से निकल कर मंच तक जाने के लिए बने ग्रीन जोन का भी जायजा लिया. जिस जगह से धीरेंद्र शास्त्री निकालकर मंच तक जाएंगे उसे जगह को ग्रीन जोन बनाया गया है, जहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहेंगे. आम लोगों की आवाजाही उस मार्ग पर नहीं होगी. इसके अलावे मंच के आगे डी एरिया बनाया गया है. रामनगर आने वाली सभी मार्गों का रूट मैप तैयार किया गया. पार्किंग की व्यवस्था से लेकर तमाम बिंदुओं पर रामनगर मठ के महंत हेमकांत देवाचार्य जी महाराज से चर्चा की गयी. प्रशासन द्वारा अभी रूट चार्ट तैयार नहीं किया गया है. मौके पर महंत काशीनाथ सिंह, मुखिया बलिंद्र सिंह, मुकुल राय, गप्पू सिंह, कृष्णकांत सिंह, विजय तिवारी समेत कई लोग मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
