Gopalganj News : बरौली प्रखंड की प्रधान शिक्षिका पुनीता कुमारी को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए बिहार राजकीय शिक्षक पुरस्कार-2026 से सम्मानित किया गया है. वह बरौली के नवसृजित प्राथमिक विद्यालय बलरा, दुसाध टोली में कार्यरत हैं. ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने और उनमें पढ़ाई के प्रति रुचि पैदा करने के लिए वह लगातार प्रयासरत रही हैं.
श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में मिला राज्यस्तरीय सम्मान
शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित राज्यस्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं शिक्षा मंत्री मिथलेश तिवारी ने पुनीता कुमारी को सम्मानित किया. उन्हें अंगवस्त्र, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किया गया.
पुनीता के सम्मान से गोपालगंज में खुशी
पुनीता कुमारी के राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन की घोषणा के बाद से ही गोपालगंज और बरौली प्रखंड के शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है. विद्यालय के शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय अभिभावकों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव की उपलब्धि बताया. लोगों ने कहा कि पुनीता कुमारी की मेहनत, लगन और बच्चों के प्रति समर्पण को राज्य स्तर पर पहचान मिली है.
खेल-खेल में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा
पुनीता कुमारी ने प्राथमिक विद्यालय में ग्रामीण परिवेश के बच्चों को खेल-खेल में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के साथ उनकी नियमित उपस्थिति बढ़ाने के लिए कई प्रयास किये. बुनियादी शिक्षा को मजबूत करने और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उनके निरंतर प्रयासों को देखते हुए उन्हें राजकीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया.
सम्मान ने बढ़ायी जिम्मेदारी
सम्मानित होने के बाद प्रधान शिक्षिका पुनीता कुमारी ने कहा कि यह पुरस्कार उनकी जिम्मेदारी को और बढ़ाता है. उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय विद्यालय के बच्चों और सहयोगी शिक्षकों को देते हुए कहा कि सभी शिक्षकों को बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए पूरी लगन और समर्पण के साथ काम करना चाहिए.
उन्होंने कहा कि सरकारी विद्यालय ही बच्चों के सपनों की पहली पाठशाला होते हैं. उनके सम्मानित होने से प्रखंड के शिक्षकों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों में खुशी की लहर है.
