Gopalganj News : यात्रियों की सुविधा और क्षेत्रीय जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन ने गाड़ी संख्या 15079/15080 पाटलिपुत्र-गोरखपुर-पाटलिपुत्र मेल एक्सप्रेस का कठकुइयां रेलवे स्टेशन पर 26 जुलाई से प्रायोगिक ठहराव शुरू कर दिया है. कठकुइयां रेलवे स्टेशन पर आयोजित समारोह में कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे ने हरी झंडी दिखाकर ट्रेन के ठहराव का शुभारंभ किया.
लंबे समय से थी क्षेत्रवासियों की मांग
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद विजय कुमार दूबे ने क्षेत्रवासियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि कठकुइयां रेलवे स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जनभावना का परिणाम है, जिससे यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी.
प्रधानमंत्री और रेल मंत्री का जताया आभार
सांसद ने इस जनहितकारी निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में भारतीय रेल यात्रियों की सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है और जन अपेक्षाओं के अनुरूप नई सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं.
अधिक से अधिक यात्रा करने की अपील
सांसद ने बताया कि फिलहाल इस ट्रेन का ठहराव प्रायोगिक आधार पर दिया गया है. उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में टिकट लेकर इस ट्रेन से यात्रा करने की अपील की, ताकि यात्रियों की संख्या और उपयोगिता के आधार पर भविष्य में इस ठहराव को स्थायी बनाया जा सके.
जनप्रतिनिधि और रेल अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में पडरौना के विधायक मनीष जायसवाल उर्फ मंटू जी, अपर मंडल रेल प्रबंधक (ऑपरेशन) अशोक कुमार वर्मा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर-प्रथम शैलेन्द्र सिंह, मंडल विद्युत इंजीनियर दीपक यादव, सहायक वाणिज्य प्रबंधक डी.के. सिंह सहित अन्य रेल अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग उपस्थित रहे.
