Gopalganj News : आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच में न छूटे, इसके लिए संचालित नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप योजना (एनएमएमएसएस) के तहत आवेदन की प्रक्रिया जारी है. इस बार ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 30 सितंबर कर दी गयी है. गोपालगंज जिले के पात्र विद्यार्थी नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं.
नौवीं से 12वीं तक हर साल मिलेगी ₹12 हजार की छात्रवृत्ति
एनएमएमएसएस के तहत चयनित विद्यार्थियों को नौवीं से 12वीं कक्षा तक पढ़ाई जारी रखने के लिए हर साल 12 हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी. यह राशि एक हजार रुपये प्रतिमाह की दर से डीबीटी के माध्यम से सीधे विद्यार्थियों के बैंक खाते में भेजी जाएगी. योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना है.
3.50 लाख रुपये तक वार्षिक आय वाले छात्र होंगे पात्र
योजना का लाभ सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त और स्थानीय निकाय के माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में नियमित रूप से नामांकित विद्यार्थियों को मिलेगा. पात्रता के लिए अभिभावकों की सभी स्रोतों से वार्षिक आय 3.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए.
इसके साथ ही विद्यार्थी को पिछली कक्षा में कम से कम 55 प्रतिशत अंक प्राप्त होना जरूरी है. अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों को न्यूनतम अंकों में पांच प्रतिशत की छूट दी जाएगी. इसके अलावा राज्य स्तर पर आयोजित एनएमएमएसएस चयन परीक्षा में सफल होना भी अनिवार्य है.
स्कूल और जिला स्तर पर होगा आवेदन का सत्यापन
ऑनलाइन आवेदन पूरा होने के बाद उसका दो स्तरों पर सत्यापन किया जाएगा. विद्यालय स्तर पर संस्थान के नोडल अधिकारी 15 अक्टूबर तक आवेदनों का सत्यापन करेंगे. इसके बाद जिला नोडल अधिकारी 31 अक्टूबर तक जांच और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करेंगे. इसलिए विद्यार्थियों को आवेदन करने के बाद अपने विद्यालय से समय पर सत्यापन कराना होगा.
राज्य स्तर से हो रही योजना की रोज समीक्षा
समग्र शिक्षा अभियान के जिला कार्यक्रम पदाधिकारी ने बताया कि एनएमएमएसएस योजना की राज्य स्तर पर प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है. जिले के सभी विद्यालयों को पात्र विद्यार्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कराने और आवेदन प्राप्त होने के बाद समय पर सत्यापन पूरा करने का निर्देश दिया गया है.
ऐसे करें एनएमएमएसएस के लिए ऑनलाइन आवेदन
विद्यार्थियों को सबसे पहले नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) करना होगा. इसके बाद रजिस्ट्रेशन आईडी की मदद से लॉगिन कर एनएमएमएसएस का आवेदन फॉर्म भरना होगा. आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद आवेदन सबमिट करना होगा. आवेदन जमा करने के बाद विद्यालय स्तर पर उसका सत्यापन कराना अनिवार्य होगा.
