Gopalganj News : गोपालगंज में गुरुवार को पूरे दिन आसमान में बादलों की आवाजाही और पुरवा हवा चलने से मौसम अपेक्षाकृत सुहाना बना रहा. हालांकि बीच-बीच में बादलों के हटते ही सूरज की तेज धूप निकली, जिससे लोगों ने गर्मी और उमस महसूस की.
शुक्रवार को बढ़ेगी सूरज की तपिश
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एस.एन. पांडेय ने बताया कि उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक सक्रिय मानसून द्रोणिका अब कमजोर पड़ गई है. इसके कारण बारिश की संभावना कम हो गई है. शुक्रवार को सूरज की तपिश बढ़ने के साथ गर्मी और उमस लोगों को अधिक परेशान कर सकती है.
24 घंटे में तापमान में हुई बढ़ोतरी
बारिश की कमी के कारण बीते 24 घंटे में अधिकतम तापमान 2.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया. जिले का अधिकतम तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.2 डिग्री अधिक रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री अधिक है. इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 97 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत दर्ज की गई. बीते 24 घंटे में जिले में 1.5 मिलीमीटर वर्षा हुई.
हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना
डॉ. एस.एन. पांडेय ने बताया कि संख्यात्मक मॉडल, उपग्रह चित्रों और अन्य मौसमीय विश्लेषण के अनुसार मानसून द्रोणिका कमजोर हो गई है. इसके चलते आसमान से बादल धीरे-धीरे छंटेंगे और धूप तेज होगी. हालांकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की भी संभावना बनी हुई है. मौसम विभाग ने लोगों को गर्मी और उमस से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है.
Also Read : गोपालगंज में गैस रिसाव से लगी आग में युवक गंभीर रूप से झुलसा, सदर अस्पताल में चल रहा इलाज
