पंचदेवरी. घर से गायब युवती का शव कटेया थाना क्षेत्र के शेख बेइली गांव स्थित चंवर के तालाब में मिला. शव मिलने से सनसनी फैल गयी, जबकि युवक का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है. मृत युवती पंचदेवरी प्रखंड के राजापुर महंत गांव निवासी अकलू महतो की 18 वर्षीया बेटी पूजा कुमारी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. मगहिया गांव निवासी राम बड़ाई खटीक ने शुक्रवार की देर शाम पुलिस को बताया कि उनका पुत्र धर्मेंद्र खटिक लापता है. पिता ने आवेदन में राजापुर महंत गांव के कई लोगों को नामजद भी किया था. आवेदन के आधार पर कटेया थानाध्यक्ष किशोर चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच-पड़ताल शुरू की. पुलिस ने अलगू महतो के परिवार के तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दिया. उसके पूछताछ में पता चला कि युवती का शव तालाब में है. इसी बीच शनिवार की सुबह जांच-पड़ताल के दौरान पुलिस को शेख बेइली गांव के चंवर में स्थित एक तालाब से अलगू महतो की बेटी पूजा कुमारी का शव बरामद हुआ.
मछुआरों की ली गयी मदद
पुलिस ने संदेह के आधार पर पूरे तालाब को मछुआरों की सहायता से खंगालवाया. पुलिस सूत्र बताते हैं कि पूछताछ के दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं. ग्रामीणों के अनुसार, दोनों के बीच कई महीनों से प्रेम प्रसंग का मामला चल रहा था. युवती की हत्या के पीछे ऑनर किलिंग की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है. पुलिस को शक है कि युवक की भी साजिश तहत हत्या कर दी गयी होगी. अभी पुलिस कुछ भी बताने से परहेज कर रही है. जांच अभी जारी है.युवक के परिजनों की तहरीर के बाद हो रही जांच
कटेया थानाध्यक्ष किशोर चौधरी ने बताया कि मगहिया गांव निवासी राम बड़ाई खटीक के द्वारा अपने बेटे के अपहरण किये जाने का आवेदन दिया गया था, जिसमें कई लोगों को नामजद भी किया गया था. पुलिस ने आवेदन के आधार पर छानबीन की, जिसके बाद तालाब से युवती का शव बरामद किया गया है. युवक की तलाश जारी है.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
