Gopalganj News : हथुआ प्रखंड के लाइन बाजार से होकर गुजरने वाली मीरगंज-बथुआ सड़क पर इन दिनों राहगीरों और स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है. लाइन बाजार-थावे सड़क के त्रिमुहानी के समीप कूड़े-कचरे का बड़ा अंबार लगा हुआ है. डंपिंग जोन से उठने वाली सड़न और बदबू के कारण स्थानीय निवासियों के साथ-साथ इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थिति यह है कि लोगों को इस रास्ते से गुजरते समय मुंह पर कपड़ा या रुमाल रखना पड़ रहा है. सड़क किनारे जमा कचरे के कारण लोगों में नाराजगी भी देखी जा रही है.
फल विक्रेताओं द्वारा फेंके जा रहे कचरे से बढ़ी समस्या
स्थानीय लोगों के अनुसार, त्रिमुहानी के समीप फल व्यवसायियों द्वारा बड़े पैमाने पर कचरा फेंका जा रहा है. सड़े-गले फल, नारियल के छिलके, फलों के डंठल और थर्माकोल के कैरेट सड़क किनारे जमा हो गए हैं.
कचरे का ढेर इतना बढ़ गया है कि नारियल के छिलके और अन्य भारी सामान सड़क पर आ जाते हैं. इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
सड़क पर फैले कचरे से दुर्घटना की बनी रहती है आशंका
स्थानीय लोगों ने बताया कि सड़क पर बिखरे कचरे के कारण आए दिन बाइक सवार, राहगीर और ई-रिक्शा चालक अपना संतुलन खो देते हैं. खासकर रात के समय सड़क पर पड़े नारियल के छिलके और थर्माकोल वाहनों के पहियों के नीचे आने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
लोगों का कहना है कि त्रिमुहानी जैसे महत्वपूर्ण मोड़ पर इस तरह कचरा फेंकना हादसों को आमंत्रण देने जैसा है.
आवारा पशु और कुत्ते फैला देते हैं पूरे रास्ते में कचरा
स्थानीय लोगों के अनुसार, समस्या तब और गंभीर हो जाती है, जब आवारा पशु और लावारिस कुत्ते भोजन की तलाश में कचरे के ढेर को खंगालते हैं. इसके बाद कचरा पूरी सड़क पर फैल जाता है. इससे सड़क पर गंदगी बढ़ने के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित होता है.
मुखिया ने कहा, दुकानदारों द्वारा दोबारा फेंका जा रहा कचरा
इस मामले में लाइन बाजार पंचायत की मुखिया शबीना ने बताया कि पंचायत की ओर से प्रतिदिन सुबह कचरा उठाकर प्रबंधन यूनिट तक पहुंचाया जाता है. लेकिन बाद में कुछ दुकानदारों द्वारा जगह-जगह कचरा फेंक दिया जाता है, जिससे यह समस्या उत्पन्न हो रही है. उन्होंने कहा कि जल्द ही सड़क पर फैले कचरे को हटाने की दिशा में कार्रवाई शुरू की जाएगी और समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
