मौलाना शफीक हत्याकांड: कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से की मुलाकात, DM और SP को सौंपेगी ज्ञापन; निष्पक्ष जांच व मुआवजे की मांग

मौलाना शफीक हत्याकांड में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों से मुलाकात की. पुलिस से निष्पक्ष जांच और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग की गई है.

Gopalganj News: जिले के उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित जामा मस्जिद के इमाम मौलाना शफीक अहमद (शेख सफीक खान) की निर्मम हत्या का मामला अब राजनीतिक और सामाजिक रूप से तूल पकड़ता जा रहा है. शुक्रवार को कांग्रेस का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल मृतक के पैतृक गांव भोरे थाना क्षेत्र के सिसई (पैठान टोला) पहुंचा. प्रतिनिधिमंडल ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और घटनाक्रम की विस्तृत जानकारी ली.

इस प्रतिनिधिमंडल का संयुक्त नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग और गोपालगंज जिला प्रभारी डॉ. ख्वाजा एहतशाम अहमद ने किया.

'एक गिरफ्तारी तक सीमित न रहे जांच, अन्य की भी संलिप्तता की आशंका'

प्रतिनिधिमंडल ने मौलाना के पुत्र आमिर खान और अन्य परिजनों से बातचीत की. परिजनों ने गंभीर आशंका जताई कि इस नृशंस हत्याकांड को केवल एक व्यक्ति द्वारा अंजाम दिया जाना संभव नहीं लगता; इसके पीछे अन्य असामाजिक तत्वों की संलिप्तता और एक सुनियोजित साजिश हो सकती है. परिजनों ने मांग की कि पुलिस की जांच महज एक आरोपी को निरुद्ध करने तक सीमित न रहे, बल्कि हत्या के पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश किया जाए.

वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष जांच की मांग

कांग्रेस नेताओं ने परिजनों को भरोसा दिलाया कि मामले की तह तक जाने के लिए उच्चाधिकारियों से संपर्क किया जाएगा. उन्होंने कहा कि मुख्य आरोपी की भूमिका के अलावा घटना के पीछे छिपे सभी संभावित साजिशकर्ताओं की कॉल डिटेल्स, तकनीकी साक्ष्य और वैज्ञानिक पद्धति से जांच होनी चाहिए, ताकि कोई भी असली गुनहगार कानून के शिकंजे से बच न सके.

SP और DM को सौंपा जाएगा ज्ञापन, मुआवजे पर जोर

जिला कांग्रेस अध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग ने कहा कि पीड़ित परिवार की मांगों को लेकर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल जल्द ही पुलिस अधीक्षक (SP) और जिलाधिकारी (DM) से मिलकर मांग पत्र सौंपेगा. उन्होंने मांग की:

  • पीड़ित परिवार को हर संभव सुरक्षा मुहैया कराई जाए.
  • 'विक्टिम कम्पेन्सेशन स्कीम' (पीड़ित प्रतिकर योजना) के तहत मिलने वाली सरकारी आर्थिक सहायता बिना किसी प्रशासनिक देरी के तत्काल पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई जाए.

क्या है पूरा मामला?

उचकागांव थाना क्षेत्र के अरना बाजार स्थित जामा मस्जिद के बरामदे में सो रहे इमाम शेख सफीक खान की रविवार की देर रात धारदार कैंची से गोदकर हत्या कर दी गई थी. अगली सुबह फज्र की अजान न होने पर जब ग्रामीण मस्जिद पहुंचे, तब वारदात का खुलासा हुआ.

पुलिस के अनुसार, आरोपित ने पहले इमाम का मोबाइल और नकदी चुराई थी, जिसे लेकर सोमवार की सुबह मस्जिद परिसर में पंचायती होनी थी. पंचायती में बदनामी और सजा के डर से आरोपित ने रात में ही घटना को अंजाम दे दिया. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर 72 घंटे के भीतर एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) को निरुद्ध कर उसकी निशानदेही पर आला-ए-कत्ल (कैंची) और चंवर में जलाए गए अधजले कपड़े बरामद किए थे.

Also Read: गोपालगंज: कटेया GA हाई स्कूल सह इंटर कॉलेज की प्रभारी HM निलंबित, बंद शौचालय व अव्यवस्था पर शिक्षा विभाग का बड़ा एक्शन


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुरेश राय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >