महावीरी जुलूस को लेकर मांझा पूर्वी पंचायत के शेखटोली गांव में निर्धारित मार्ग में बदलाव किये जाने की सूचना मिलने पर प्रशासन ने रविवार को त्वरित कार्रवाई की. सूचना मिलते ही एसडीएम पिया सिंह, एसडीपीओ, बीडीओ वैभव शुक्ला, सीओ शमा परवीन एवं थानाध्यक्ष निरंजन कुमार मौके पर पहुंचे.
प्रशासनिक अधिकारियों ने गांव पहुंचकर महावीरी जुलूस के लिए पूर्व से निर्धारित मार्ग का स्थल निरीक्षण कर सत्यापन किया. इस दौरान अखाड़ा समिति के सदस्यों एवं स्थानीय लोगों से पूरे मामले की जानकारी ली गयी. जांच के बाद पूर्व में निर्धारित मार्ग को ही जुलूस के लिए सही रूट के रूप में सत्यापित किया गया.
बिना अनुमति रूट में बदलाव नहीं करने का निर्देश
अधिकारियों ने अखाड़ा समिति के सदस्यों को स्पष्ट निर्देश दिया कि महावीरी जुलूस पूर्व निर्धारित पुराने मार्ग से ही निकाला जाये. बिना प्रशासनिक अनुमति के जुलूस के रूट में किसी भी प्रकार का बदलाव नहीं किया जाये.
अधिकारियों ने कहा कि जुलूस के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग और नियमों का पालन करना अनिवार्य है. किसी भी स्तर पर रूट में बदलाव किये जाने से विधि-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है. इसलिए अखाड़ा समिति के सदस्य प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से जुलूस निकालें.
नए रूट से जुलूस निकालने की तैयारी पर लगी रोक
प्रशासनिक अधिकारियों की कार्रवाई के बाद नये रूट से जुलूस निकालने की तैयारी पर तत्काल रोक लगा दी गयी. अखाड़ा समिति को पुराने निर्धारित मार्ग से ही जुलूस निकालने का निर्देश दिया गया. प्रशासन की कार्रवाई के बाद जुलूस के रूट को लेकर उत्पन्न स्थिति स्पष्ट हो गयी.
शांति और सौहार्द बनाये रखने की अपील
अधिकारियों ने क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द बनाये रखने के लिए सभी लोगों से प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की. साथ ही अखाड़ा समिति और स्थानीय लोगों से जुलूस के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करते हुए आपसी सौहार्द बनाये रखने को कहा गया.
