गोपालगंज: थावे में जन्माष्टमी की धूम, राधा-कृष्ण के रूप में सजे बच्चों ने मोहा मन; कृष्ण लीला देखने उमड़ी भीड़

थावे प्रखंड में कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व भक्तिभाव के साथ मनाया गया। मंदिरों में विशेष पूजा और बच्चों की मनमोहक कृष्ण लीलाओं ने सभी का मन मोह लिया।

Gopalganj News : थावे प्रखंड क्षेत्र में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व धूमधाम और भक्तिभाव के साथ मनाया गया. भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिरों और विभिन्न पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही. लोगों ने उपवास रखकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की.

मंदिरों में हुई विशेष पूजा-अर्चना

जन्माष्टमी के अवसर पर विभिन्न मंदिरों और पूजा स्थलों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीकृष्ण की पूजा की. पूजा के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया. देर शाम तक पूजा स्थलों पर भक्तिमय माहौल बना रहा.

कृष्ण लीला ने बांधा समां

जन्माष्टमी के मौके पर प्रखंड के कई स्थानों पर कृष्ण लीला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया. कलाकारों ने नाटक और मंचन के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं को प्रस्तुत किया. कृष्ण जन्म से लेकर उनकी बाल लीलाओं से जुड़े प्रसंगों का मंचन देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु जुटे.

राधा-कृष्ण के रूप में नजर आये बच्चे

जन्माष्टमी को लेकर युवक-युवतियों के साथ बड़ी संख्या में अन्य श्रद्धालुओं ने भी व्रत रखा. वहीं, छोटे-छोटे बच्चे राधा और श्रीकृष्ण का रूप धारण कर कृष्ण लीला और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में शामिल हुए. बच्चों की मनमोहक वेशभूषा और आकर्षक प्रस्तुतियां लोगों के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं.

दिनभर बना रहा भक्तिमय माहौल

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर पूरे प्रखंड क्षेत्र में दिनभर उत्साह और भक्ति का माहौल बना रहा. मंदिरों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के कारण क्षेत्र में धार्मिक उत्सव की रौनक दिखाई दी. श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चितरंजन उपाध्याय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >