Gopalganj News: जिले के विजयीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कैथवलिया स्थित प्रसिद्ध ब्रह्म बाबा के दरबार में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर शुक्रवार को भव्य और ऐतिहासिक मेले का आयोजन किया गया. पिछले एक माह से मेला समिति के सदस्य इस आयोजन की तैयारियों में जुटे हुए थे. शुक्रवार तड़के से ही बिहार और सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने का तांता लगा रहा, जो देर शाम तक निरंतर जारी रहा. श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा के दरबार में माथा टेका, दूध चढ़ाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की.
जलाभिषेक के लिए लगी लंबी कतार
कैथवलिया ब्रह्म बाबा के प्रति सीमावर्ती क्षेत्र के लोगों में गहरी आस्था जुड़ी हुई है. रक्षाबंधन के अवसर पर उत्तर प्रदेश के देवरिया जिला स्थित बरहज से पवित्र जल और दूध लेकर हजारों कांवड़िए व युवा पदयात्रा करते हुए शुक्रवार की सुबह कैथवलिया पहुंचे. युवाओं में जलाभिषेक को लेकर जबर्दस्त उत्साह देखा गया. मंदिर परिसर में 'हर-हर महादेव' और 'बाबा ब्रह्म' के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने घंटों कतार में लगकर जलाभिषेक किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना संपन्न की.
मेडिकल टीम व पुलिस बल तैनात
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूरे मंदिर परिसर व मेला क्षेत्र को सीसीटीवी कैमरों से लैस किया गया है. मेला समिति के सदस्य कंट्रोल रूम से लगातार हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि चोरी, छिनतई और भगदड़ जैसी किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके. विधि-व्यवस्था और सुगम यातायात के लिए विजयीपुर थाने की पुलिस बल के साथ-साथ आपातकालीन प्राथमिक उपचार के लिए स्वास्थ्य विभाग की मेडिकल टीम भी मौके पर तैनात की गई है.
दो दिनों तक होगी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम
मेला परिसर में लगे विशाल मीना बाजार, विभिन्न प्रकार की दुकानों, बड़े झूले और ब्रेक डांस का बच्चों और युवाओं ने भरपूर आनंद लिया. इसके साथ ही मेले के अवसर पर दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी भव्य आयोजन किया जा रहा है. मेला समिति के अनुसार, मेले की पहली रात पारंपरिक नाच कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि दूसरे दिन आल्हा गायन और रात्रि में नामचीन भोजपुरी कलाकारों के बीच दुगोला मुकाबला आकर्षण का मुख्य केंद्र रहेगा.
Also Read: गोपालगंज: रक्षाबंधन पर रांची से घर लौट रहे रेलवे टेक्नीशियन को नशाखुरानी गिरोह ने बनाया शिकार
