Gopalganj Market Road : गोपालगंज के पंचदेवरी कटेया-बगही मुख्य मार्ग पर स्थित सिधवनियां बाजार में सड़क की बदहाल स्थिति से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. बाजार से होकर गुजरने वाली सड़क जगह-जगह गड्ढों में तब्दील हो गयी है. जिसके कारण हल्की बारिश होते ही जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो जाती है.
सड़क पर दो फीट पानी जमा
इन दिनों सड़क पर करीब दो फीट तक पानी जमा रहने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि जलजमाव के कारण यह पहचानना मुश्किल हो जाता है कि सड़क कहां है और गड्ढा कहां. प्रतिदिन हादसे हो रहे हैं. राहगीर असंतुलित होकर पानी में गिर जा रहे हैं.
बाजार में पैदल चलना मुश्किल
बाजार क्षेत्र में पैदल चलना भी कठिन हो गया है, जिससे खरीदारी के लिए आने वाले लोगों की संख्या प्रभावित हो रही है और व्यवसायियों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. सिधवनियां बाजार में कटेया और पंचदेवरी प्रखंडों के रैपुरा, पटखौली, ओझवलिया, सिधवनियां, धर्मकता, गहनी, खालगांव सहित करीब दो दर्जन गांवों के लोग खरीदारी के लिए आते हैं.
स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी
ऐसे में सड़क की खराब स्थिति का असर आम लोगों के साथ-साथ स्थानीय व्यापार पर भी पड़ रहा है. व्यवसायियों और ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई वर्षों से वे इस समस्या का सामना कर रहे हैं, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हो सका है. इसे लेकर क्षेत्र के लोगों में काफी नाराजगी है.
जलनिकासी की मांग
सरपंच प्रतिनिधि बाबूनंदन राय, जमशेद अली, मतिउल्लाह, शत्रुघ्न साह, जवाहर लाल साह, सूरज वर्मा, राम प्रवेश गोंड़, भूखल प्रसाद, संदीप वर्मा, शिवकुंडल तिवारी, आमोद शर्मा, वसीम अख्तर, प्रदीप पांडेय, पिंटू शर्मा, नेसार अहमद, रामइकबाल यादव, हृदया साह, पिंटू सिंह, बुलेट मधेशिया, विनय बाबा आदि व्यवसायियों व ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक सह बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार को आवेदन देकर सड़क की मरम्मति और जलनिकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है. बाजार के व्यवसायियों का कहना है कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो हम सभी आंदोलन करने को बाध्य होंगे.
Also Read : गोपालगंज में अब 24 घंटे इमरजेंसी के साथ ICU और HDU की सेवा, गंभीर मरीजों को मिलेगी सुविधा
