गोपालगंज में 9वीं का छात्र 15 दिन से लापता, सीएसपी से रुपये निकालने के बाद नहीं लौटा घर

Gopalganj News : गोपालगंज के राजापुर गांव से 9वीं कक्षा का छात्र सरफराज अंसारी 2 जुलाई से लापता है. सीएसपी से पैसे निकालने के बाद घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने अनहोनी की आशंका जताई है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है.

Gopalganj News : कटेया थाना क्षेत्र की बनकटिया पंचायत के राजापुर गांव से बीते 2 जुलाई को लापता हुए नौवीं कक्षा के छात्र का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है. छात्र के लापता होने के बाद परिजन किसी अनहोनी की आशंका से सहमे हुए हैं. वहीं पुलिस भी परिजनों के आवेदन के आधार पर मामले की जांच और छात्र की बरामदगी के लिए कार्रवाई में जुटी हुई है, लेकिन अभी तक कोई सफलता नहीं मिली है. लापता छात्र की पहचान राजापुर गांव निवासी मुस्तकीम अंसारी के पुत्र सरफराज अंसारी के रूप में हुई है. सरफराज राजापुर हाईस्कूल में नौवीं कक्षा का छात्र है.

सीएसपी से रुपये निकालने गया था सरफराज

परिजनों के अनुसार, सरफराज बीते 2 जुलाई की शाम जनता बाजार स्थित सीएसपी से रुपये निकालने के लिए घर से निकला था. उसने सीएसपी से 4700 रुपये की निकासी की थी. रुपये निकासी का मैसेज उसके पिता के मोबाइल पर भी आया था. इसके बाद सरफराज घर वापस नहीं लौटा. काफी देर तक उसके घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी.

अपहरण की आशंका जता चुके हैं परिजन

परिजनों ने छात्र के साथ किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए पुलिस के वरीय अधिकारियों को भी आवेदन दिया है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से सरफराज की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. परिवार के लोग लगातार छात्र की तलाश में जुटे हुए हैं और उसकी सुरक्षित वापसी का इंतजार कर रहे हैं.

पुलिस ने कहा, गंभीरता से की जा रही जांच

इस मामले में कटेया थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद से ही पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. छात्र की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने बताया कि अभी तक कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है, लेकिन पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर रही है और जल्द ही छात्र की बरामदगी के प्रयास किए जा रहे हैं.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Ajit dubey

Published by: Yuvraj Ratan

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >