गोपालगंज में केंद्रीय शिक्षा मंत्री का पुतला दहन, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठी मांग

गोपालगंज में जन शक्ति छात्र परिषद ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला फूंका. छात्रों ने शिक्षा को अधिक पारदर्शी और छात्र हितैषी बनाने की मांग की है. संगठन ने चेताया कि यदि समय रहते सुधार नहीं हुआ तो चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा.

गोपालगंज: शहर के कमला राय कॉलेज परिसर के मुख्य गेट पर गुरुवार को जन शक्ति छात्र परिषद (जेएससीपी) के बैनर तले छात्र-युवाओं के विभिन्न मुद्दों एवं शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला दहन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता परिषद के अध्यक्ष जयराम प्रियदर्शी ने की. इस दौरान छात्रों ने शिक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सुलभ और छात्र हितैषी बनाने की मांग उठाई.

सभा को संबोधित करते हुए जयराम प्रियदर्शी ने कहा कि शिक्षाविद एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक लंबे समय से शिक्षा और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लोकतांत्रिक तरीके से उठा रहे हैं. ऐसे मामलों में सरकार को टकराव के बजाय संवाद का रास्ता अपनाकर सकारात्मक समाधान निकालना चाहिए.

उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि देश के भविष्य निर्माण की मजबूत नींव है. इसलिए छात्रों, शिक्षकों और शिक्षा से जुड़े सरोकारों की अनदेखी नहीं होनी चाहिए.

शिक्षा व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो होगा चरणबद्ध आंदोलन

जयराम प्रियदर्शी ने कहा कि जन शक्ति छात्र परिषद छात्र अधिकारों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, पारदर्शी व्यवस्था और युवाओं के सम्मान की लड़ाई संवैधानिक एवं लोकतांत्रिक तरीके से लड़ती रही है. यदि शिक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्र समस्याओं के समाधान के लिए समय रहते पहल नहीं की गई तो संगठन चरणबद्ध एवं शांतिपूर्ण आंदोलन करेगा.

कार्यक्रम में अंकित कुमार, प्रमोद कुमार, मुस्कान कुमारी, रोजी परवीन, गुलनाज परवीन, श्रृंति कुमारी, मोहित कुमार, नेहा कुमारी और लक्की सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ.

Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त



प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Prabhat khabar news desk

Published by: Vivek Ranjan

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >