Gopalganj News: जयप्रकाश विश्वविद्यालय (JPU) के स्नातक सत्र 2024-28 के सेमेस्टर थ्री की परीक्षा के पांचवें दिन शनिवार को जिले के तीन परीक्षा केंद्रों पर AEC पेपर-3 की परीक्षा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई. एबिलिटी एन्हांसमेंट कोर्स (AEC) पेपर-3 की परीक्षा दोनों पालियों में विभिन्न मेजर विषय समूहों के विद्यार्थियों के लिए आयोजित की गयी. विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी केंद्रों पर कड़ी निगरानी के बीच परीक्षा ली गयी.
एडमिट कार्ड जांच के बाद मिला प्रवेश
परीक्षा केंद्रों के प्रवेश द्वार पर एडमिट कार्ड और पहचान पत्र की जांच के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया. परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर अनुशासन बना रहा. कहीं से भी कदाचार या किसी प्रकार की गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.
परीक्षा देकर बाहर निकले अधिकांश छात्रों ने बताया कि प्रश्नपत्र पूरी तरह निर्धारित सिलेबस पर आधारित था.
कमला राय और महिला कॉलेज में रही बेहतर उपस्थिति
शहर के कमला राय कॉलेज के प्राचार्य डॉ. एचके पांडेय ने बताया कि पहली पाली में 773 परीक्षार्थियों में 764 उपस्थित रहे, जबकि नौ अनुपस्थित रहे. दूसरी पाली में 1215 में 1211 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी और चार अनुपस्थित रहे. केंद्र पर दोनों पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई.
महेंद्र महिला महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एके पांडेय ने बताया कि पहली पाली में 826 में 819 छात्राएं उपस्थित रहीं और सात अनुपस्थित रहीं. दूसरी पाली में 881 में 870 छात्राओं ने परीक्षा दी, जबकि 11 छात्राएं अनुपस्थित रहीं.
उन्होंने बताया कि परीक्षा विश्वविद्यालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई. हथुआ के गोपेश्वर कॉलेज पर भी दोनों पालियों में छात्रों की उपस्थिति अच्छी रही.
सोमवार को होगी अगले पेपर की परीक्षा
विश्वविद्यालय की ओर से जारी परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार सोमवार को भी निर्धारित विषय स्किल एन्हांसमेंट कोर्स पेपर थ्री की परीक्षा आयोजित की जायेगी. परीक्षा को लेकर सभी केंद्राधीक्षकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये हैं.
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, वीक्षकों की तैनाती और दस्तावेज जांच की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी, ताकि परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके.
