JPU PG Admission: जय प्रकाश विश्वविद्यालय (जेपीयू) के पीजी प्रथम सेमेस्टर सत्र 2026-28 की पहली मेधा सूची में चयनित छात्रों के लिए नामांकन का मंगलवार को अंतिम मौका है. विश्वविद्यालय की ओर से जारी पहली मेधा सूची में शामिल छात्र-छात्राएं 18 अगस्त की शाम चार बजे तक अपने कागजात का सत्यापन कराने के साथ नामांकन शुल्क जमा कर सकते हैं. अंतिम दिन होने के कारण कॉलेजों में नामांकन के लिए छात्रों की भीड़ बढ़ने की संभावना है.
10 अगस्त को जारी हुई थी पहली मेधा सूची
जेपीयू ने पीजी प्रथम सेमेस्टर की पहली मेधा सूची 10 अगस्त को जारी की थी. इसमें चयनित अभ्यर्थी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के एडमिशन लिंक के माध्यम से अपना कॉलेज और विषय आवंटन देख सकते हैं.
पहली मेधा सूची के आधार पर नामांकन प्रक्रिया 11 अगस्त से शुरू हुई थी, जिसकी अंतिम तिथि 18 अगस्त शाम चार बजे निर्धारित की गयी है. ऐसे में सूची में नाम आने वाले छात्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर नामांकन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
कागजात अधूरे रहने पर अटक सकता है नामांकन
नामांकन के समय छात्रों को आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे. इनमें डाउनलोड किया हुआ आवेदन फॉर्म, अलॉटमेंट लेटर, 10वीं की मूल अंकपत्र व प्रमाणपत्र, 12वीं के दस्तावेज, स्नातक की अंकपत्र व उत्तीर्णता प्रमाणपत्र शामिल हैं.
इसके अलावा एसएलसी/सीएलसी या माइग्रेशन प्रमाणपत्र, आरक्षित वर्ग एवं ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, लागू होने पर गैप ईयर का नोटरी शपथपत्र, चार पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड और अपार आइडी (एबीसी आइडी) भी जरूरी है. दस्तावेजों में कमी रहने पर नामांकन प्रक्रिया में परेशानी हो सकती है.
समर्थ पोर्टल से जमा करना होगा शुल्क
विश्वविद्यालय के निर्देश के अनुसार नामांकन शुल्क समर्थ पोर्टल के पेमेंट गेटवे के माध्यम से ऑनलाइन जमा करना होगा. शुल्क भुगतान के बाद उसकी रसीद संबंधित कॉलेज में जमा करना अनिवार्य है.
छात्रों की सुविधा को देखते हुए जरूरत पड़ने पर रविवार और छुट्टी के दिनों में भी विभाग एवं कॉलेज खोलकर नामांकन प्रक्रिया पूरी करायी गयी.
अंतिम दिन छात्रों की बढ़ सकती है परेशानी
नामांकन कराने पहुंचे कई छात्रों ने कॉलेज स्तर पर पर्याप्त जानकारी नहीं मिलने की शिकायत की. छात्रों का कहना है कि मेधा सूची में नाम आने के बाद भी जरूरी दस्तावेज और शुल्क जमा करने की प्रक्रिया की स्पष्ट जानकारी के लिए उन्हें अलग-अलग काउंटर पर पूछताछ करनी पड़ रही है.
छात्रों ने कॉलेजों में नामांकन से संबंधित जरूरी जानकारी प्रमुख स्थानों पर चस्पा कराने की मांग की है, ताकि अंतिम दिन छात्रों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.
इसे भी पढ़ें:सावन की तीसरी सोमवारी पर बाबा हरिहरनाथ पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा, लखीसराय हादसे के बाद सुरक्षा कड़ी
