Navodaya Admission: नवोदय विद्यालय समिति की ओर से शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 10 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है. ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया 7 जुलाई 2026 से जारी है. इच्छुक और पात्र छात्र-छात्राएं 10 अगस्त तक बिना किसी शुल्क के अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं.
समिति की ओर से आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए 11 और 12 अगस्त 2026 को दो दिवसीय करेक्शन विंडो उपलब्ध कराई जाएगी. इस दौरान अभ्यर्थी अपने आवेदन फॉर्म में निर्धारित जानकारियों में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे.
इन जानकारियों में कर सकेंगे सुधार
करेक्शन विंडो के दौरान अभ्यर्थी परीक्षा का माध्यम, श्रेणी, लिंग, क्षेत्र यानी ग्रामीण या शहरी और दिव्यांगता से संबंधित जानकारी में आवश्यक संशोधन कर सकेंगे. इसके बाद आवेदन प्रक्रिया में किसी तरह की परेशानी से बचने के लिए अभिभावकों को समय रहते आवेदन पूरा करने की सलाह दी गई है.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मिलती है आवासीय शिक्षा
जवाहर नवोदय विद्यालय, गोपालगंज के प्राचार्य सुधाकर शुक्ला ने बताया कि जवाहर नवोदय विद्यालय देश के ग्रामीण क्षेत्रों के मेधावी विद्यार्थियों को निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने वाला प्रतिष्ठित संस्थान है. कक्षा 6 में प्रवेश पूरी तरह जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के आधार पर होता है.
उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि अंतिम समय में वेबसाइट पर अधिक लोड या तकनीकी समस्या से बचने के लिए 10 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें.
आवेदन में किसी शुल्क का प्रावधान नहीं
कक्षा 6 में प्रवेश के लिए आयोजित चयन परीक्षा के ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया निःशुल्क है. पात्र छात्र-छात्राएं निर्धारित अंतिम तिथि तक आवेदन जमा कर सकते हैं. आवेदन के बाद 11 और 12 अगस्त को करेक्शन विंडो के माध्यम से निर्धारित विवरण में सुधार का अवसर भी मिलेगा.
