गोपालगंज. सिपाया स्थित राजकीय अभियंत्रण महाविद्यालय में भूकंप सुरक्षा पखवारे के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल, गोपालगंज के कार्यपालक अभियंता मो. साजिद इकबाल तथा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रामसागर सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया. इस अवसर पर प्राचार्य डॉ रामसागर सिंह ने भूकंप से होने वाली संभावित क्षति, संरचनाओं पर इसके प्रभाव तथा बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे भूकंप सुरक्षा से जुड़ी जानकारी को समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंचाकर जन-जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाएं. मुख्य अतिथि मो. साजिद इकबाल ने अपने विशेषज्ञ व्याख्यान में भूकंप के दौरान संरचनात्मक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन की तैयारियों और आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी. उनके व्याख्यान को छात्रों ने गंभीरता से सुना और उपयोगी प्रश्न भी किये. कार्यक्रम में सिविल इंजीनियरिंग विभाग के विभागाध्यक्ष प्रोफेसर राणा प्रताप सिंह, कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर मंजीत चौरसिया, महाविद्यालय के सभी सहायक प्राध्यापकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे. कार्यक्रम का संचालन एवं धन्यवाद ज्ञापन प्रोफेसर अचल भारद्वाज ने किया.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
