Gopalganj News: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र में नामांकन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 16 अगस्त कर दी है. पहले नामांकन की अंतिम तिथि 31 जुलाई निर्धारित थी. तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिली है, जो अब तक आवेदन नहीं कर सके थे.
विश्वविद्यालय की ओर से स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट समेत विभिन्न पाठ्यक्रमों में ऑनलाइन नामांकन की प्रक्रिया जारी है. गोपालगंज के कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र से मिली जानकारी के अनुसार इस सत्र से ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अपार आइडी अनिवार्य कर दी गयी है.
बिना अपार आइडी के ऑनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जायेगा. ऐसे में विद्यार्थियों को पहले अपार आइडी बनवाने के बाद ही आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
आवेदन करते समय इन बातों का रखें ध्यान
नामांकन के दौरान अभ्यर्थियों को पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करने होंगे. विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों को आवेदन में अपना स्वयं का मोबाइल नंबर और ई-मेल आइडी दर्ज करने की सलाह दी है.
किसी अन्य व्यक्ति का मोबाइल नंबर दर्ज होने पर ओटीपी और विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर नहीं मिल पाती हैं. इससे बाद में विद्यार्थियों को परेशानी हो सकती है.
अंतिम समय का इंतजार नहीं करने की अपील
अध्ययन केंद्र के समन्वयक अमित कुमार ने विद्यार्थियों से समय रहते आवेदन करने की अपील की है. उन्होंने बताया कि अंतिम दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक रहने के कारण तकनीकी समस्या आने की संभावना रहती है. इसलिए छात्र-छात्राएं 16 अगस्त से पहले ही आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें.
कम खर्च में घर बैठे उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने के कारण गोपालगंज समेत आसपास के जिलों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी हर वर्ष इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन लेते हैं. ऐसे में जिन अभ्यर्थियों का आवेदन अब तक नहीं हो सका है, उनके लिए 16 अगस्त तक आवेदन करने का अवसर है. समय रहते आवेदन पूरा कर वे जुलाई 2026 सत्र में प्रवेश सुनिश्चित कर सकते हैं.
