Gopalganj News: इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जुलाई 2026 सत्र में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों के लिए नियमों में बड़ा बदलाव किया गया है. अब ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ओडीएल) और ऑनलाइन मोड के सभी पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए अपार आइडी अनिवार्य कर दी गई है. बिना अपार आइडी के किसी भी छात्र का ऑनलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा. वहीं, विद्यार्थियों को राहत देते हुए विश्वविद्यालय ने नामांकन और री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई तक बढ़ा दी है. पहले यह तिथि 15 जुलाई निर्धारित थी. पहले अपार आइडी, फिर करें आवेदन कमला राय कॉलेज स्थित इग्नू अध्ययन केंद्र के समन्वयक डॉ. अमित कुमार ने बताया कि जुलाई सत्र में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा, पीजी डिप्लोमा और सर्टिफिकेट सहित विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन जारी है. इस बार आवेदन प्रक्रिया शुरू करने से पहले अपार आइडी बनाना अनिवार्य है. उन्होंने कहा कि विद्यार्थी अंतिम समय तक इंतजार न करें और पहले अपार आईडी बनाकर समय रहते आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर लें. आवेदन के समय इन बातों का रखें विशेष ध्यान ऑनलाइन आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को पासपोर्ट आकार का फोटो, हस्ताक्षर, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज अपलोड करने होंगे. विश्वविद्यालय ने छात्रों को आवेदन में अपना मोबाइल नंबर और इ-मेल आइडी ही दर्ज करने की सलाह दी गई है. कई बार साइबर कैफे का मोबाइल नंबर दर्ज होने से ओटीपी और विश्वविद्यालय की महत्वपूर्ण सूचनाएं छात्रों तक नहीं पहुंच पाती हैं, जिससे बाद में परेशानी होती है.
31 जुलाई तक री-रजिस्ट्रेशन, छात्रवृत्ति का भी मिलेगा लाभ इग्नू ने पहले से अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए री-रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि भी 31 जुलाई कर दी है. समय पर री-रजिस्ट्रेशन नहीं कराने वाले विद्यार्थियों को अगले सेमेस्टर की पढ़ाई, असाइनमेंट और परीक्षा में शामिल होने में कठिनाई हो सकती है. विश्वविद्यालय ने कहा है कि नामांकन की पुष्टि के बाद पात्र विद्यार्थी राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल (एनएसपी) के माध्यम से केंद्र सरकार की छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ भी ले सकेंगे. कम खर्च में घर बैठे उच्च शिक्षा की सुविधा मिलने के कारण गोपालगंज समेत आसपास के जिलों के बड़ी संख्या में विद्यार्थी हर वर्ष इग्नू के विभिन्न पाठ्यक्रमों में नामांकन लेते हैं.
Also Read : पितृपक्ष मेला की तैयारियों को लेकर किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं : नगर आयुक्त
