गोपालगंज: स्कूल छोड़ने वाली बेटियों की पहचान कर उनको शिक्षा के लिए किया जायेगा अवेयर

गोपालगंज में बेटियों को सशक्त बनाने के लिए 'सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम' का आयोजन किया गया. इस पहल के तहत आर्थिक सहायता, शिक्षा और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान की गई.

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के हथुआ प्रखंड अंतर्गत उच्च माध्यमिक विद्यालय, सवरेजी में महिला एवं बाल विकास निगम के जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के तत्वावधान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत छात्र-छात्राओं के बीच ''सखी वार्ता सह जागरूकता कार्यक्रम'' का आयोजन हुआ. इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम की अध्यक्षता संबंधित विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने की.

मिलेगी आर्थिक सहायता राशि

गोपालगंज की डीपीओ रंजना कुमारी के विशेष पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की विस्तृत जानकारी दी गई. इसके तहत प्रथम संतान होने पर पात्र लाभार्थियों को 5,000 रुपये तथा दूसरी संतान के रूप में बालिका के जन्म पर 6,000 रुपये की नकद सहायता राशि सीधे खाते में दिए जाने की बात कही गई. इसके साथ ही मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के पंजीकरण की जानकारी दी गई.

ड्रॉपआउट बालिकाओं की होगी पहचान

गोपालगंज के इस अभियान के तहत विद्यालय छोड़ चुकी (ड्रॉपआउट) बालिकाओं की पहचान कर उनकी एक विशेष सूची तैयार करने का निर्देश दिया गया है ताकि उन्हें दोबारा शिक्षा के प्रति जागरूक किया जा सके. इसके साथ ही समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक माहौल बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह प्रखंड स्तर पर ''बेटी जन्मोत्सव'' कार्यक्रम धूमधाम से आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया गया.

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

गोपालगंज के इस जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बाल विवाह निषेध, घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, साइबर सुरक्षा तथा महिला एवं बाल संरक्षण से संबंधित कई महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों जैसे 181, 112, 1930 और 1098 के बारे में विस्तार से बताया गया. एक्सपर्ट्स ने बच्चों को इन नंबरों का सही समय पर उपयोग करने और जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया.

अधिकारी रहे मुख्य रूप से उपस्थित

गोपालगंज के इस कार्यक्रम में जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन के जेंडर स्पेशलिस्ट अनिल कुमार ठाकुर ने अपनी बात रखी. उनके साथ ही वित्तीय साक्षरता विशेषज्ञ ओम प्रकाश ठाकुर, लेखा सहायक मुकेश कुमार तथा आइटी सहायक संदीप कुमार मुख्य रूप से उपस्थित रहे. इन सभी अधिकारियों ने सरकार द्वारा महिलाओं और बच्चियों के विकास के लिए चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं को साझा किया.

Also Read: गोपालगंज: मीरगंज नगर परिषद के दावों की खुली पोल, हल्की बारिश में जलमग्न हुआ लक्ष्मी नगर


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar Abhay

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >