गोपालगंज: बंगरा पुल से युवक ने गंडक नदी में लगाई छलांग, पिता को फोन कर कहा- बाइक और मोबाइल ले जाइए, SDRF करेगी तलाश

Gopalganj News: सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र का रहने वाला है युवक. प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर पुलिस ने शुरू की जांच. सर्च ऑपरेशन के लिए SDRF को बुलाया गया..

Gopalganj News: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र स्थित बंगरा पुल से एक 25 वर्षीय युवक द्वारा गंडक नदी में छलांग लगाने का मामला सामने आया है. घटना से इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा युवक की तलाश के लिए राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) को सूचना दे दी गई है. टीम के पहुंचते ही नदी में सर्च अभियान शुरू किया जाएगा.

पुलिस के अनुसार, लापता युवक की पहचान सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के चकिया गांव निवासी बिक्की सिंह (25 वर्ष) के रूप में हुई है.

छलांग लगाने से पहले पिता को किया था फोन

परिजनों ने बताया कि नदी में छलांग लगाने से पहले बिक्की सिंह ने अपने पिता को फोन किया था. उसने कहा कि वह बंगरा पुल पर अपनी बाइक और मोबाइल छोड़ रहा है, जिसे आकर ले जाएं. इसके बाद उसने गंडक नदी में छलांग लगा दी. सूचना मिलने पर परिजन जब पुल पर पहुंचे तो वहां बाइक मिली, लेकिन युवक का कहीं कोई पता नहीं चला.

मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम

घटना की सूचना मिलते ही बैकुंठपुर के अंचलाधिकारी (सीओ) शिवम कुमार श्रीवास्तव तथा बैकुंठपुर थाना के पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार गोंड पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने युवक की बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

प्रत्यक्षदर्शियों ने नदी में कूदते देखा

सीओ शिवम कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को बंगरा पुल से गंडक नदी में छलांग लगाते हुए देखा गया है. युवक की तलाश के लिए SDRF को सूचना दे दी गई है. टीम के पहुंचते ही नदी में सर्च अभियान चलाया जाएगा.

सभी पहलुओं पर जांच जारी

पुलिस फिलहाल पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है. समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं मिल सका था. पुलिस का कहना है कि SDRF के सर्च अभियान के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

Also Read: 'मेरी हत्या हो सकती थी...', पटना में छात्रों के प्रदर्शन पर बीजेपी विधायक बोले- छात्र नहीं अपराधी किस्म के लोग थे


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sanjay Kumar Abhay

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >