Gopalganj News : जिले के तीन शिक्षकों को बेहतर अध्यापन कार्य और प्रभावी शैक्षणिक पहल के लिए शनिवार को प्रमंडल स्तरीय शिक्षक सम्मान से सम्मानित किया गया. सारण प्रमंडल के राजकीय जिला स्कूल, छपरा के सभागार में आयोजित समारोह में चयनित शिक्षकों को सम्मानित किया गया. सम्मान पाने वालों में उच्च माध्यमिक विद्यालय उचकागांव के विकास कुमार पाण्डेय, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय देवापुर, बरौली के शैलेश कुमार और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरौली के सुमेश कुमार ठाकुर शामिल हैं.
अध्यापन सामग्री के मूल्यांकन के बाद हुआ चयन
शिक्षकों के चयन की प्रक्रिया जिला स्तर से शुरू हुई थी. प्रधानाध्यापकों के माध्यम से सहायक शिक्षकों की अध्यापन सामग्री उपलब्ध करायी गयी. जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति ने इन सामग्रियों का मूल्यांकन किया और चयनित शिक्षकों की अनुशंसा प्रमंडलीय स्क्रीनिंग समिति को भेजी.
इसके बाद प्रमंडलीय स्क्रीनिंग समिति ने प्राप्त अध्यापन सामग्री और शिक्षकों के शैक्षणिक कार्यों का मूल्यांकन किया. मूल्यांकन के आधार पर सारण प्रमंडल के 10 शिक्षकों का चयन किया गया, जिनमें गोपालगंज जिले के तीन शिक्षक शामिल रहे.
बेहतर शैक्षणिक कार्यों को मिला प्रोत्साहन
सम्मान समारोह में शिक्षकों को उनके बेहतर शैक्षणिक कार्य और विद्यार्थियों के हित में की गयी पहल के लिए सम्मानित किया गया. विभाग का मानना है कि इस तरह के सम्मान से विद्यालयों में बेहतर कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहन मिलेगा.
साथ ही अन्य शिक्षक भी विद्यार्थियों की पढ़ाई को अधिक प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए नयी पहल करने के लिए प्रेरित होंगे. प्रमंडल स्तर पर जिले के तीन शिक्षकों के चयनित होकर सम्मानित होने से शिक्षा जगत में भी खुशी का माहौल है.
