Gopalganj Snake Bite News: गोपालगंज जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के सुजानपुर गांव में कोबरा सांप के काटने से एक महिला की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक का माहौल है. मृतका का एक वर्षीय बेटा है और उसका पति विदेश में रहकर काम करता है.
शौच के लिए बाहर गई थी महिला
जानकारी के अनुसार, सुजानपुर गांव निवासी बुलेट शाह की 22 वर्षीय पत्नी किरण कुमारी मंगलवार देर रात शौच के लिए घर से बाहर गई थीं. इसी दौरान घात लगाए बैठे जहरीले कोबरा सांप ने उन्हें डंस लिया. सांप के काटते ही महिला की तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत होकर गिर पड़ी.
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन महिला को इलाज के लिए कुचायकोट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए. वहां प्राथमिक उपचार के दौरान उनकी हालत गंभीर बनी रही. इसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई.
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया. महिला की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
बारिश के मौसम में बढ़ रहे सर्पदंश के मामले
बारिश और उमस भरे मौसम में जिले में सर्पदंश की घटनाएं बढ़ रही हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि सांप काटने पर झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचें, ताकि समय पर इलाज मिल सके.
इसे भी पढ़ें: औरंगाबाद के तमसी मोड़ पर दर्दनाक हादसा, 25 फीट गहरी नहर में पलटी स्कूली वैन, 14 बच्चे जख्मी
