Gopalaganj Septic Tank Accident: श्रीपुर थाना क्षेत्र के सवनही जगदीश गांव में नवनिर्मित मकान के सेप्टिक टैंक की सेंट्रिंग खोलने के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आने से चार मजदूरों की मौत हो गयी. वहीं, उन्हें बचाने के प्रयास में टंकी में उतरे दो अन्य लोग भी अचेत हो गये. घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गयी. हादसे की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गये.
मकान निर्माण के दौरान हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, गांव की रेशमा खातून के पति के इंतकाल के बाद उनके पिता ने उन्हें रहने के लिए जमीन दी थी. इसी जमीन पर वह अपने बच्चों के साथ रहने के लिए मकान बनवा रही थीं. मकान के शौचालय की टंकी में पानी भरा था और उसकी सेंट्रिंग खोलने का काम चल रहा था.
सेंट्रिंग खोलने के लिए सबसे पहले जावेद आलम उर्फ टीपू आलम और शब्बे आलम टंकी के अंदर गये. अंदर जाने के बाद दोनों जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत होने लगे और मदद के लिए आवाज लगाने लगे.
बचाने उतरे लोग भी हुए अचेत
पास में काम कर रहे मनीरूल हक के शोर मचाने पर बाहर मौजूद बंटी बैठा और उमेश यादव उन्हें बचाने के लिए बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के टंकी में उतर गये. अंदर पहुंचते ही दोनों भी जहरीली गैस की चपेट में आकर अचेत हो गये.
इसके बाद सेराज खान भी उन्हें बचाने के लिए टंकी में उतरे, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर अचेत हो गये. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गयी.
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत से सभी को बाहर निकाला
घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद टंकी से सभी लोगों को बाहर निकाला. इसके बाद उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, गंभीर रूप से घायल सेराज खान का इलाज कराया जा रहा है.
तीन थानों की पुलिस और प्रशासनिक टीम पहुंची
घटना की गंभीरता को देखते हुए श्रीपुर, फुलवरिया और कुचायकोट थाने की पुलिस के साथ प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और स्थिति को संभाला. पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गोपालगंज भेज दिया है.
हादसे में इनकी गयी जान
- बंटी बैठा उर्फ राकेश बैठा, पिता- रामचंद्र बैठा, सवनही पट्टी, थाना- श्रीपुर
- जावेद आलम उर्फ टीपू आलम, पिता- गयासुद्दीन मियां, सवनही पट्टी, थाना- श्रीपुर
- उमेश यादव, पिता- स्व. विश्वनाथ यादव, सवनही वृत्त, थाना- गोपालपुर
- शब्बे आलम, पिता- सुल्तान मियां, गिदहा, थाना- श्रीपुर
गंभीर घायल: सेराज खान, पिता- मंसूर खान, सवनही जगदीश, श्रीपुर
घटना के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में भी मातम का माहौल है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
