गोपालगंज में अपराध के विरोध में सर्राफा कारोबारियों का मौन मार्च, काली पट्टी बांधकर किया कारोबार

बढ़ती आपराधिक घटनाओं के विरोध में गोपालगंज के सर्राफा कारोबारियों ने काली पट्टी बांधकर मौन विरोध मार्च निकाला. सुरक्षा की मांग को लेकर प्रतिनिधिमंडल डीजीपी से मिलने पटना रवाना हुआ है.

Sarrafa Vyavsayik Protest: हत्या, डकैती, लूट और रंगदारी की बढ़ती घटनाओं के विरोध में सोमवार को गोपालगंज के सर्राफा कारोबारियों ने काली पट्टी बांधकर मौन विरोध मार्च निकाला. शांतिपूर्ण मार्च ब्रह्मस्थान से शुरू होकर थाना चौक (भगत सिंह चौक) पहुंचा. यहां कारोबारियों ने मौन प्रदर्शन कर अपराध की घटनाओं पर विरोध जताया और मीडिया के माध्यम से अपनी मांगें रखीं. इसके बाद सभी कारोबारी मोनिया चौक होते हुए अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर लौट गये.

काली पट्टी बांधकर पूरे दिन किया कारोबार

सर्राफा कारोबारियों ने काली पट्टी बांधकर पूरे दिन कारोबार करने का निर्णय लिया. कारोबारियों ने इसे अपराध के खिलाफ सांकेतिक विरोध बताया. प्रदर्शन का नेतृत्व सर्राफा मंडल अध्यक्ष सह जिला कैट अध्यक्ष अधिवक्ता देव कुमार और सोनार समाज अध्यक्ष दीपक कुमार उर्फ पप्पू ने किया. विरोध मार्च में शहर के बड़ी संख्या में सर्राफा कारोबारी शामिल हुए.

प्रखंडों में भी कारोबारियों ने जताया विरोध

कारोबारियों ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों में भी सर्राफा व्यवसायियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया. संबंधित प्रखंडों में कारोबारी अपनी-अपनी दुकानों पर काली पट्टी बांधकर पूरे दिन कारोबार कर रहे हैं. उनका कहना है कि लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं के कारण कारोबारियों में चिंता का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की जरूरत है.

डीजीपी से वार्ता के लिए पटना रवाना हुआ प्रतिनिधिमंडल

सर्राफा मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि सोमवार को पटना में बिहार के डीजीपी और एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) के साथ सर्राफा व्यवसायियों की बैठक प्रस्तावित है. बैठक में शामिल होने के लिए गोपालगंज का प्रतिनिधिमंडल पटना रवाना हो चुका है. इसमें जिला सर्राफा मंडल के पदाधिकारियों के साथ कैट बिहार के अध्यक्ष अशोक वर्मा भी मौजूद रहेंगे. प्रतिनिधिमंडल बैठक में कारोबारियों की सुरक्षा और जिले में बढ़ती आपराधिक घटनाओं से जुड़े मुद्दे उठाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By संजय कुमार अभय

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >