Riya Singh Taekwondo Championship: बरौली प्रखंड अंतर्गत रामपुर सदौवां गांव निवासी रिया सिंह ने खेल के क्षेत्र में गोपालगंज और बिहार का नाम रोशन किया है. रिया सिंह का चयन वर्ल्ड ताइक्वांडो पूमसे चैंपियनशिप 2026 के लिए भारतीय टीम में हुआ है. यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 16 से 20 सितंबर 2026 तक दक्षिण कोरिया के चुनचॉन में आयोजित होगी. प्रतियोगिता में रिया सिंह भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी.
रिया के भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही रामपुर सदौवां, बरौली और पूरे गोपालगंज जिले में खुशी का माहौल है. स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता जताते हुए शुभकामनाएं दी हैं. लोगों को उम्मीद है कि रिया दक्षिण कोरिया में शानदार प्रदर्शन कर बिहार और देश का नाम रोशन करेंगी.
राष्ट्रीय स्तर की उपलब्धियों के बाद विश्व चैंपियनशिप तक पहुंचीं रिया
रिया सिंह ने लगातार मेहनत और बेहतर प्रदर्शन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है. कई पदक जीतने और बिहार राज्य खेल सम्मान प्राप्त करने के बाद अब उन्हें विश्व स्तर की प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला है.
रिया के चयन को उनके खेल करियर की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है. अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिलने से उनके परिवार और प्रशिक्षकों में भी उत्साह है.
प्रशिक्षकों और संगठन का भी अहम योगदान
रिया सिंह की इस उपलब्धि में उनके परिवार के साथ-साथ उनके प्रशिक्षकों और ताइक्वांडो संगठन के पदाधिकारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है.
ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ बिहार के सेक्रेटरी सुधीर कुमार सिंह, ताइक्वांडो एसोसिएशन ऑफ गोपालगंज के सेक्रेटरी आर्यन पांडे तथा उनकी कोचिंग टीम ने रिया को लगातार प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया है.
रिया ने कठिन अभ्यास और अनुशासन के साथ अपनी तैयारी जारी रखी और इसी का परिणाम है कि उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली है.
बोलीं रिया- भारत का प्रतिनिधित्व करना गर्व की बात
रिया सिंह ने कहा कि विश्व चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने और बिहार राज्य खेल सम्मान मिलने के बाद अब विश्व चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका उनके लिए बड़ी उपलब्धि है.
उन्होंने कहा कि वह प्रतियोगिता में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं और दक्षिण कोरिया में भारत, बिहार तथा गोपालगंज का नाम रोशन करने की पूरी कोशिश करेंगी.
बेटी की उपलब्धि पर मां ने जतायी खुशी
रिया की माता कुमारी प्रियंका ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा कि रिया ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है.
उन्होंने उम्मीद जतायी कि रिया दक्षिण कोरिया में भी शानदार प्रदर्शन करेंगी और देश एवं बिहार का नाम रोशन करेंगी.
रिया के चयन से प्रखंडवासियों और खेल प्रेमियों में उत्साह है. लोगों ने उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन की कामना की है.
इसे भी पढ़ें: गोपालगंज में एयरपोर्ट का सपना होगा साकार? 517 एकड़ जमीन से अतिक्रमण हटा, अब अगला कदम क्या?
