Gopalganj News: जिले के बैकुंठपुर प्रखंड के जनवितरण प्रणाली (पीडीएस) विक्रेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) डॉ. प्रेरणा सिंह से मुलाकात की. बैकुंठपुर जनवितरण प्रणाली विक्रेता संघ के प्रखंड अध्यक्ष अभय पांडेय के नेतृत्व में पहुंचे डीलरों ने खाद्यान्न आवंटन में आ रही भारी कमी से अवगत कराते हुए एक औपचारिक मांग पत्र सौंपा और समस्या के स्थायी समाधान की गुहार लगाई.
लाभुकों के अनुपात में नहीं मिल रहा खाद्यान्न
प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम के समक्ष अपनी व्यथा रखते हुए बताया कि प्रत्येक माह अधिकांश डीलरों को खाद्यान्न की कमी से जूझना पड़ता है. प्रखंड में पंजीकृत राशन कार्डधारियों और लाभुकों की वास्तविक संख्या के अनुपात में विभाग से पर्याप्त आवंटन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. नतीजतन, कई जरूरतमंद लाभुकों को राशन दिए बिना लौटना पड़ता है, जिससे वितरण केंद्रों पर अक्सर विवाद और असंतोष की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.
पार्शियल आवंटन पर रोक न लगाने की मांग
डीलरों ने स्पष्ट किया कि पिछले एक वर्ष से अधिक समय से विभाग द्वारा अतिरिक्त आवंटन की व्यवस्था बंद कर दी गई है. ऐसे में वे अगले माह के खाद्यान्न का अग्रिम उठाव (पार्शियल आवंटन) कर वर्तमान माह के अंत तक वंचित रह गए लाभुकों के बीच वितरण करते हैं. उन्होंने मांग की कि जब तक विभाग स्तर से अतिरिक्त आवंटन की ठोस व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक वर्तमान में चल रहे पार्शियल आवंटन पर किसी भी परिस्थिति में रोक न लगाई जाए, ताकि वितरण व्यवस्था पूरी तरह बाधित न हो.
एसडीएम ने दिया त्वरित पहल का आश्वासन
एसडीएम डॉ. प्रेरणा सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और आश्वासन दिया कि डीलरों की इस व्यावहारिक समस्या से उच्चाधिकारियों एवं खाद्य आपूर्ति विभाग को पत्राचार के माध्यम से अवगत कराया जाएगा, ताकि इसका स्थायी समाधान निकाला जा सके.
इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम को पुष्पगुच्छ और पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया. शिष्टमंडल में प्रमुख रूप से मनोज मांझी, राजू पांडेय, हीरामन यादव, प्रमोद कुमार राम, विजय कुमार सोनी, राजेंद्र मांझी, राजबल्लम राम और आनंद सिंह उपस्थित रहे.
Also Read: गोपालगंज के आंगनबाड़ी केंद्रों को मिलेगी सरकारी जमीन, स्थायी भवन निर्माण की प्रक्रिया होगी तेज
