Gopalganj News (मनीष राज की रिपोर्ट): गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र के उसरी बाजार गांव में घर के पास स्थित तालाब में डूबने से तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गयी. मृतक की पहचान उसरी बाजार निवासी बाल्मीकि सहनी के पुत्र संजीत कुमार के रूप में की गयी है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा
बताया जाता है कि संजीत कुमार घर के पास खेल रहा था. इसी दौरान वह किसी तरह तालाब के पास पहुंच गया और गहरे पानी में डूब गया. काफी देर तक बच्चा नजर नहीं आने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की. खोजबीन के दौरान तालाब में बच्चे का शव मिलने से परिवार में चीख-पुकार मच गयी.
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गये. परिजनों द्वारा बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी की गयी, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी. बैकुंठपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था.
Also Read: भोरे में दर्दनाक वारदात: विवाद में महिला की लोहे की रॉड से हत्या, इलाके में सनसनी
