फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के सोनगढ़वा गांव में ससुराल आये दामाद ने पत्नी और आंख से दिव्यांग ससुर पर जानलेवा हमला बोल दिया. इसमें दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. ग्रामीणों के बीच बचाव के दौरान दामाद मौके से फरार हो गया.
निजी अस्पताल में कराया गया भर्ती
इसके बाद परिजनों ने दोनों घायलों को इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया गया. इस घटना को लेकर पीड़ित महिला व सेमरिया टोला धूमनगर निवासी पुनीत कुमार की पत्नी लवली कुमारी ने थाने में लिखित शिकायत पुलिस को सौंपी है. इसमें पति पुनीत कुमार, ससुर शंभू सिंह तथा सास सुनीता देवी को आरोपित किया है.
2022 में हुई थी शादी
महिला के द्वारा आरोप लगाया गया है कि सन 2022 में पुनीत कुमार से शादी हुई थी. इसके छह महीना बीतने के बाद जबरन उसका गर्भपात करा दिया गया और उसके भोजन में जहर मिलाकर दे दिया गया. इसके बाद मेरी तबीयत बिगड़ने लगी. इसकी सूचना पर मेरे भाई पहुंचा और पटना में इलाज कराया. इसके बाद मेरे मायके एवं अन्य रिश्तेदारों के द्वारा एक पंचायती की गयी. जिसके बाद में पुनः ससुराल गयी. ससुराल जाने के बाद मेरे पति एवं सास-ससुर के द्वारा मोटरसाइकिल एवं सोने की चेन की मांग को लेकर पुनः मुझे प्रताड़ित किया जाने लगा. तब मैं इसकी सूचना अपने माता-पिता की दी. इसके बाद मेरे माता-पिता मुझे बुला लिया.
शराब के नशे में पति ने की बेवजह मारपीट
इस बीच गुरुवार को अचानक उसका पति शराब के नशे में आये और बेवजह मारपीट करने लगे. मैं बेहोश होकर जमीन पर गिर गयी. उन्होंने मंगलसूत्र को तोड़कर अपने पास रख लिया. मेरी मांग के सिंदूर को धो डाला. तब तक मेरे बड़े पापा, जो आंख से दिव्यांग हैं, उन्हें भी मेरे पति बेरहमी से पीटने लगे. आसपास के लोग दौड़ कर आये. इसके बाद मेरे पति अपनी बाइक चालू कर मौके से फरार हो गये. पीड़ित महिला ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए थाने में लिखित शिकायत दी है. थानाध्यक्ष नेहा कुमारी ने बताया कि पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
