Gopalganj News : कृषि मेले में फल-सब्जी का प्रदर्शन करने वाले किसानों को आज मिलेगा पुरस्कार

Gopalganj News : कृषि कार्यालय परिसर में आयोजित किसान मेला - सह - फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी जिले के अलग- अलग क्षेत्र से किसान पहुंचे.

गोपालगंज. कृषि कार्यालय परिसर में आयोजित किसान मेला – सह – फल, फूल एवं सब्जी प्रदर्शनी के दूसरे दिन भी जिले के अलग- अलग क्षेत्र से किसान पहुंचे. विभाग के द्वारा लगाये गये स्टॉल पर अपने जरूरतों की जानकारी ली. वहीं योजना का परमिट पाने वाले किसानों ने कृषि यंत्रों के स्टॉल पर जाकर अनुदानित दर पर यंत्रों की खरीदारी की.

मुख्य मंच से हुई परिचर्चा

विभाग के द्वारा दूसरे दिन भी मुख्य मंच से परिचर्चा का आयोजन किया गया. जहां विभाग के अधिकारियों ने योजनाओं को बताया, कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञनिकों ने मौसम आधरित खेती की जानकारी दी. वहीं कुछ संपन्न किसानों ने अपना अनुभव बताया. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डीएओ ललन कुमार सुमन ने बताया कि किसानों की आय अच्छी हो, इसको लेकर सरकार कई तरह की योजना चला रही है. किसान विभाग के संपर्क में रहकर इन योजनाओं का लाभ उठाएं. उन्नत खेती के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण का भी आयोजन किया जा रहा है. यहां से भी किसानों को बहुत तरह के फायदे हो सकते हैं.

कीट प्रबंधन की दी गयी जानकारी

अनुमंडल कृषि पदाधिकारी विकास कुमार ने ड्रोन से नैनो यूरिया तथा दवाओं के छिड़काव के तरीके, लागत तथा फायदे को बताया. कृषि विज्ञान केंद्र के कीट विशेष वैज्ञानिक अभिषेक राणा ने कीट प्रबंधन की जानकारी दी. वहीं वैज्ञानिक नवीन कुमार ने कृषि यंत्रों के उपयोग पर प्रकाश डाला.

बेहतर फल, फूल व सब्जियों की मार्किंग करेंगे अधिकारी

सोमवार को मेले का किसान मेले का अंतिम दिन होगा. अंतिम दिन कृषि विभाग के अधिकारी तथा कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक किसानों के द्वारा स्टॉल पर लगाये गये सभी तरह के फल, फूल व सब्जियों का निरीक्षण करेंगे. कई मानकों के अनुसार मार्किंग होगी. बेहतर अंक अर्जित करने वाले किसानों को सम्मानित किया जायेगा.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >