Gopalganj News : होली के जश्न पर पुलिस की रहेगी नजर, यूपी और बिहार की सीमाओं पर बने चेकपोस्ट पर जांच शुरू

Gopalganj News : गोपालगंज में होली के दौरान हुड़दंग या त्योहार में खलल डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने का ऐलान किया है.

गोपालगंज. गोपालगंज में होली के दौरान हुड़दंग या त्योहार में खलल डालने वालों के खिलाफ पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करने का ऐलान किया है. पुलिस अधीक्षक अवधेश दीक्षित ने सभी थानों को त्वरित कार्रवाई करने का आदेश दिया है और इस बार पुलिस की विशेष नजर यूपी-बिहार बॉर्डर से लेकर शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर रहेगी.

मद्य निषेध विभाग की टीम भी सक्रिय

वहीं दूसरी ओर मद्य निषेध विभाग की टीम भी सक्रिय हो गयी है, जो हैंड स्कैनर से दूसरे राज्यों से आने वाली गाड़ियों की जांच कर रही है. साथ ही, ब्रेथ एनेलाइजर मशीन से वाहनों में सवार लोगों की शराब पीने की जांच की जा रही है. विशेष तौर पर यूपी से आने वाले वाहनों की जांच की जा रही है, ताकि शराब तस्करी पर काबू पाया जा सके. इसके अलावा, पुलिस ने शराब पीकर हुड़दंग करने वालों को भी तत्काल गिरफ्तार करने का आदेश दिया है.

पुलिस ने एक ”एक्शन प्लान” किया तैयार

शहर में सुरक्षा-व्यवस्था को लेकर पुलिस ने एक ”एक्शन प्लान” तैयार किया है, जिसके तहत महत्वपूर्ण स्थानों जैसे जंगलिया मोड़, आंबेडकर चौक, बंजारी चौक, थावे रोड, पुरानी चौक, घोष मोड़, मॉल, मुख्य बाजारों और अन्य भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की तैनाती रहेगी. इसके साथ ही, संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रखी जायेगी.

बाइक स्टंट करने वालों पर भी रहेगा ध्यान

पुलिस का ध्यान केवल शराब की तस्करी और हुड़दंगियों पर नहीं है, बल्कि होली के दिन बाइक स्टंट करने वालों पर भी रहेगा. पुलिस ने सख्त निर्देश दिया है कि स्टंट बाइकर्स की रफ्तार को रोकने के लिए कार्रवाई की जायेगी. पुलिस अधीक्षक ने सभी लोगों से शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में होली मनाने की अपील की है. होली पर शराब पीकर घूमने या कोई अन्य उपद्रव करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी. पुलिस की इस तत्परता से गोपालगंज में इस बार होली शांतिपूर्वक मनाने की उम्मीद जतायी जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >