ग्रामीण कार्य मंत्री के गृह प्रखंड में बेखौफ चोरों का तांडव

Gopalganj News : लगातार चोरी की वारदातों से सहमे लोग, विशेष चौकसी की मांग

Gopalganj News : विजयीपुर थाना क्षेत्र में इन दिनों चोरों का आतंक चरम पर है. पुलिसिया गश्त और सुरक्षा के दावों को धता बताते हुए चोरों ने एक ही रात में तीन अलग-अलग गांवों के छह घरों को निशाना बनाकर पुलिस को खुली चुनौती दे डाली है. चोरों ने तीन घरों में चोरी की बड़ी वारदातों को अंजाम दिया, जबकि तीन अन्य घरों में जगे होने के कारण वे असफल रहे. सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि यह पूरा इलाका बिहार सरकार के ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार का गृह प्रखंड है, इसके बावजूद आम जनता भगवान भरोसे जीने को मजबूर है.

छितौना और कुटिया गांव में चोरों का आतंक, लाखों की चोरी

चोरों ने सबसे पहले छितौना गांव में धावा बोला. यहां गौतम राम के घर से चोरों ने ₹5,000 नकद समेत करीब दो लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात उड़ा लिए. इसके बाद चोरों ने इसी गांव के महंत भगत के घर में प्रवेश किया, जहां सो रही धनेसरी देवी की नाक से चोरों ने सोने की नथिया खींच ली. दर्द से महिला के चीखने पर घरवाले जागे, जिसके बाद चोर भाग निकले. छितौना के बाद चोरों का गिरोह कुटिया गांव पहुंचा और तीन घरों को निशाना बनाया. यहां स्थानीय चौकीदार कुलदीप यादव के चाचा रामजी यादव के घर से चोरों ने गहनों से भरा बक्सा पार कर दिया.

एक रात में कई घरों में सेंधमारी से ग्रामीणों में दहशत

हालांकि, इस मामले में अभी तक पीड़ित परिवार द्वारा लिखित शिकायत नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस मामले की जांच में जुटी है. इसके अलावा चोरों ने इसी गांव के लाल बहादुर यादव और अनिरुद्ध यादव के घर में भी सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन परिजनों के जाग जाने के कारण वे नाकाम रहे. चोरों की अगली खेप परसौनी गांव पहुंची, जहां श्याम बहादुर प्रजापति के घर में चोरी का प्रयास किया गया. लेकिन ठीक वक्त पर गृहस्वामी की नींद खुल गई और चोरों को उल्टे पांव भागना पड़ा.

‘जांच जारी है’ तक सीमित पुलिस, ग्रामीणों में भारी नाराजगी

विजयीपुर प्रखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह वेंटिलेटर पर नजर आ रही है. पिछले महज 27 दिनों के भीतर चोरों ने कुल 19 घरों को अपना निशाना बनाया है. इस बढ़ती दहशत के कारण ग्रामीण अब रात में सो नहीं पा रहे हैं और लाठी-डंडे लेकर खुद ‘रतजगा’ करने को मजबूर हैं. स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पुलिस की गश्त सिर्फ कागजों पर चल रही है. आलम यह है कि इतनी बड़ी संख्या में हुई चोरियों में से पुलिस अब तक एक भी मामले का खुलासा नहीं कर पाई है. हर घटना के बाद पुलिस सिर्फ ‘जांच चल रही है’ का रटा-रटाया बयान जारी कर देती है. मंत्रीजी के अपने गृह प्रखंड में सुरक्षा व्यवस्था का यह हाल देखकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोग अब जिला प्रशासन से विजयीपुर में विशेष चौकसी और लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस संबंध में हथुआ एसडीपीओ आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, जल्द ही खुलासा किया जाएगा.

Also Read : Saran News : आपाची और स्कूटी की टक्कर में दो युवकों की दर्दनाक मौत

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Yuvraj Ratan

पटना जन्मस्थली है मेरी, निष्पक्ष, तथ्यात्मक और जनहित आधारित पत्रकारिता में विश्वास करता हूं. वर्तमान में मेरा उद्देश्य बिहार के स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाना और पाठकों तक सत्यापित जानकारी पहुंचाना है. किसी भी समाचार को प्रकाशित करने से पहले उपलब्ध तथ्यों और स्रोतों का सत्यापन करना मेरी प्राथमिकता है. पाठकों को विश्वसनीय, निष्पक्ष और जनहितकारी जानकारी उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हूं.

प्राथमिक शिक्षा संत जेवियर्स हाई स्कूल, पटना से पूरी करने के बाद संत जेवियर्स कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नॉलजी से बैचलर्स ऑफ मास कम्यूनिकेशन से स्नातक किया हूं. 2020 से पटना स्थित मीडिया संस्थान न्यूज 4 नेशन में एंकर सह प्रोड्यूसर के पद पर डेढ़ वर्षों तक काम किया. इसके उपरांत जून 2022 से इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमिटी (I-PAC) में सीनियर एग्जीक्यूटिव के पद पर रहते हुए डिजिटल कम्यूनिकेशन टीम में कार्य करने का मौका मिला. वर्तमान में प्रभात खबर में कंटेंट राइटर के पद पर हूं इसके माध्यम से नागरिकों के पास तथ्यात्मक और सही सूचनाएँ, खबर और अपडेट देने का कार्य कर रहा हूं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >