Gopalganj News : एनएच-27 की सर्विस रोड के निर्माण में एक लेन बंद, दूसरे लेन पर बड़े-बड़े गड्ढे, लग रहा वाहनों का जाम

Gopalganj News : गोपालगंज में मंगलवार को एनएच-27 पर वाहनों का लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

गोपालगंज. गोपालगंज में मंगलवार को एनएच-27 पर वाहनों का लंबा जाम लग गया, जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा. खासकर हजियापुर से बंजारी तक चल रहे सर्विस रोड के निर्माण कार्य के कारण यह जाम लगा था. इस निर्माण कार्य के कारण कई वाहन घंटों तक जाम में फंसे रहे और यात्री परेशान हो गये.

दूसरे लेन से दोनों तरफ से वाहनों का हो रहा परिचालन

दरअसल, एनएचएआइ और निर्माण कंस्ट्रक्शन कंपनी ने बंजारी से चैनपट्टी तक जानेवाली एक लेन की सर्विस रोड को पूरी तरह से बंद कर दिया है. इसके स्थान पर दूसरे लेन को चालू किया गया है, जिससे दोनों तरफ से वाहनों का परिचालन हो रहा है. लेकिन इस व्यवस्था के बावजूद, निर्माण कार्य के दौरान सर्विस रोड पर जगह-जगह गड्ढे खोद दिये गये हैं और निर्माण सामग्री भी गिरा दी गयी है. इससे वाहन चालकों के लिए यात्रा करना और भी खतरनाक हो गया है.

जाम में फंसे रहे कई वाहन

मंगलवार को जाम के दौरान ट्रक, यात्री बस, स्कॉर्पियो, कार, बाइक और इ-रिक्शा सहित विभिन्न प्रकार के वाहन फंसे हुए थे. विशेषकर शादी-विवाह से जुड़े वाहनों के अलावा, ऑफिस से घर जानेवाले लोग भी जाम में फंसे थे, जिससे उन्हें घर पहुंचने में काफी देर हो गयी. जाम में फंसी महिला आरती देवी, सुशीला देवी, रामप्रवेश कुमार और अनिल तिवारी का कहना था कि एनएचएआइ और कंस्ट्रक्शन कंपनी को इस स्थिति पर ध्यान देना चाहिए और यह सुनिश्चित करना चाहिए कि वाहनों का परिचालन बिना किसी बाधा के हो सके. उनका यह भी कहना था कि जिस सर्विस रोड पर अब दोनों तरफ से गाड़ियां चल रही हैं, वहां बड़े-बड़े गड्ढे खोदे गये हैं, जो कभी भी किसी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं.

जिम्मेदार अधिकारी मामले को नहीं ले रहे गंभीरता से

स्थानीय लोगों और यात्रियों का आरोप है कि एनएचएआइ और कंस्ट्रक्शन कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा इस मुद्दे को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. जब इस मामले में एनएचएआइ के अधिकारियों और कंस्ट्रक्शन कंपनी के संवेदक से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इस पर कोई प्रतिक्रिया देने से इन्कार कर दिया. यह स्थिति स्थानीय लोगों के लिए चिंता का विषय बन गयी है. यात्री और वाहन चालक चाहते हैं कि इस निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा उपायों को बढ़ाया जाये और जाम की स्थिति को जल्द से जल्द ठीक किया जाये ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >