Gopalganj News (राकेश कुमार) : उत्तर प्रदेश के मऊ से बिहार के गोपालगंज स्थित अपने पैतृक गांव के लिए निकला छात्र मोहम्मद फैजान रजा रास्ते से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गया. फैजान का लोकेशन असम के गुवाहाटी स्थित पलटन बाजार में मिला है. बुधवार दोपहर छात्र के मोबाइल पर परिजनों की चंद मिनटों के लिए बातचीत हुई, जिससे परेशान परिवार को थोड़ी राहत मिली है. हालांकि, छात्र की सुरक्षित बरामदगी को लेकर परिजन अब भी बेहद चिंतित हैं और गुवाहाटी के लिए रवाना हो चुके हैं.
“ट्रेन में लड़ाई हो गई है…” मैसेज के बाद छात्र गायब
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह मोहम्मद फैजान रजा मऊ जंक्शन से पूर्वांचल एक्सप्रेस पकड़कर भटनी जंक्शन के लिए निकला था. वहां से उसे अपने पैतृक गांव, गोपालगंज के फुलवरिया थाना क्षेत्र स्थित चुरामन चक भटवलिया पहुंचना था. इसी बीच, फैजान के मोबाइल से उसके पिता इम्तियाज अहमद के फोन पर एक खौफनाक मैसेज आया. मैसेज में लिखा था, “ट्रेन में लड़ाई हो गई है, सब मर रहे हैं, मैं छिपकर मैसेज कर रहा हूं।” इस संदेश को पढ़ते ही पिता और पूरा परिवार गहरे सदमे और दहशत में आ गया.
मऊ और गोपालगंज पुलिस ने शुरू की तलाश
अनहोनी की आशंका से घबराए पिता तुरंत फुलवरिया थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस तत्काल एक्शन में आई और जांच के लिए विशेष टीम गठित की. परिजनों ने मऊ रेलवे स्टेशन पर भी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद गोपालगंज और उत्तर प्रदेश की मऊ पुलिस संयुक्त रूप से छात्र की तलाश में जुट गई.
“मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा…”—लापता छात्र से हुई आखिरी बातचीत
बुधवार दोपहर अचानक फैजान का मोबाइल ऑन हुआ. परिजनों ने जब बात की, तो फैजान ने सहमे हुए लहजे में कहा, “मैं गुवाहाटी के पलटन बाजार में हूं और मेरा दिमाग काम नहीं कर रहा है।” इसके तुरंत बाद उसका फोन फिर स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने उसे ढांढस बंधाते हुए वहीं रुकने को कहा है, क्योंकि वहां गांव के कुछ लोग रहते हैं. फिलहाल, पुलिस और परिजन फैजान को सुरक्षित वापस लाने के प्रयास में जुटे हैं, हालांकि उसकी बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि होना अभी बाकी है.
Also Read : मांझा में दहेज हत्या कांड में बड़ी कार्रवाई, नामजद आरोपी मिथलेश यादव गिरफ्तार
