Gopalganj News : शहर के एनएच-27 पर ट्रक और बसों का अवैध कब्जा, हादसों में जा रही जान

Gopalganj News : इस्ट एंड वेस्ट कॉरिडोर. यानी दिल्ली से गुवाहाटी तक को जोड़नेवाला एनएच-27. यह सड़क गोपालगंज में दुर्घटना की बड़ी वजह बन गयी है. एनएचएआइ की लापरवाही, बीच सड़क पर अतिक्रमण और गाड़ियों की रफ्तार लोगों की जान ले रही है.

गोपालगंज.

इस्ट एंड वेस्ट कॉरिडोर. यानी दिल्ली से गुवाहाटी तक को जोड़नेवाला एनएच-27. यह सड़क गोपालगंज में दुर्घटना की बड़ी वजह बन गयी है. एनएचएआइ की लापरवाही, बीच सड़क पर अतिक्रमण और गाड़ियों की रफ्तार लोगों की जान ले रही है. दुर्घटनाओं को रोकने के लिए सड़क एवं परिवहन मंत्रालय ने एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण कार्य कराया, लेकिन स्थानीय स्तर पर एनएचएआइ की लापरवाही वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गयी है.

सर्विस रोड के दूसरे लेन में दोनों तरफ से परिचालन शुरू

जिला मुख्यालय के बंजारी के पास बीच सड़क पर ट्रक और बसों का अवैध कब्जा कर अतिक्रमण कर लिया गया है. वहीं, दूसरी तरफ एनएच-27 की सर्विस सड़क में एक लेन पर काम चल रहा है, इस वजह से यूपी की तरफ से आनेवाले सर्विस रोड के दूसरे लेन में दोनों तरफ से परिचालन शुरू करा दिया गया है. गोपालगंज के बंजारी से यूपी की तरफ जानेवाली सर्विस सड़क पर दोनों तरफ से गाड़ियां चल रही हैं.

वाहन चालकों का कहना है कि बंजारी से यूपी जानेवाली सड़क पर कई किलाेमीटर तक चलने के बाद चैनपट्टी में एक कट दिया गया है, जहां से एनएच-27 की मुख्य सड़क पर चढ़ना है, लेकिन वहां बड़ी गाड़ियों के लिए कट सही नहीं होने के कारण कभी भी वाहन पलट सकता है और लोग दुर्घटना का शिकार बन सकते हैं.

एनएचएआइए नहीं दे रहा ध्यान

वहीं, एनएच-27 पर ट्रक और बसों का अवैध तरीके से पार्किंग कर कब्जा किये जाने से भी हादसाें का खतरा बना रहता है. पिछले एक साल के आंकड़ों पर गौर किया जाये, तो बंजारी से चैनपट्टी के बीच हाइवे पर गाड़ियों की अवैध पार्किंग की वजह से 10 से ज्यादा लोगों की मौतें हो रही है. बावजूद इसके एनएचएआइ इसपर ध्यान नहीं दे रहा है.

एनएच-27 पर ज्यादातर मौतें

परिवहन विभाग की ओर से जारी किये गये आंकड़ों के अनुसार ज्यादातर हादसे में मौत एनएच-27 पर हुए हैं. एनएच-27 पर 2024 में 90 दुर्घटनाएं हुईं, जिसमें 89 लोगों की मौत हुई. इसके बाद एनएच-531 पर 14 हादसों में 10 लोगों की मौतें हुई हैं. वहीं, एसएच पर 13 मौतें हुईं. दुर्घटनाओं की वजह गड्ढा होना, संकेतक का नहीं होना और एनएच का बनावट अच्छी तरह का नहीं होना है.

एनएचएआइ को दिया गया है अल्टीमेटम

””हमने एक मार्च को ही सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में एनएचएआइ को निर्देश दिया है. एनएच-27 से अवैध अतिक्रमण हटाने और सर्विस रोड में आवागमन की सुविधाओं को देखते हुए काम करने का आदेश दिया गया है. साथ ही करमैनी फ्लाइओवर को मरम्मत करने का निर्देश एनएच-27 के परियोजना निदेशक को दिया गया है. लापरवाही बरती गयी, तो निश्चित रूप से कार्रवाई के लिए अनुशंसा की जायेगी””.

डॉ आलोक कुमार सुमन, सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष सह सांसद, गोपालगंज

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >