Gopalganj News : कॉलेज परिसरों में दिखी छात्रों की भीड़, प्रैक्टिकल परीक्षा जारी

Gopalganj News : प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर कॉलेजों में उमड़ी छात्रों की भीड़

Gopalganj News (विकास दुबे) : गोपालगंज में जयप्रकाश विश्वविद्यालय के अधीन चल रहे डिग्री कॉलेजों में स्नातक चौथे सेमेस्टर सत्र 2023-27 की प्रायोगिक परीक्षा अंतिम चरण में पहुंच गयी है. जिले के चार परीक्षा केंद्रों पर गुरुवार को साइंस और आर्ट्स विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की गयी. वहीं शुक्रवार 22 मई को परीक्षा का अंतिम दिन होगा. परीक्षा को लेकर कॉलेज परिसरों में सुबह से ही छात्र-छात्राओं की भीड़ देखी गयी. शहर के कमला राय कॉलेज में जूलॉजी विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा के दौरान वायवा में पूछे गये कठिन सवालों ने कई परीक्षार्थियों की परेशानी बढ़ा दी. परीक्षकों की ओर से विषय से जुड़े तकनीकी और प्रयोग आधारित प्रश्न पूछे गये, जिसके कारण कई छात्र जवाब देने में हिचकते नजर आये. परीक्षा कक्ष के बाहर छात्र अंतिम समय तक नोट्स और रिकॉर्ड फाइल देखते दिखे.

चार केंद्रों पर चल रही है प्रैक्टिकल परीक्षा

विश्वविद्यालय की ओर से जिले में कमला राय कॉलेज, महेंद्र महिला कॉलेज, हथुआ के गोपेश्वर कॉलेज और भोरे के बीपीएस कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. इन केंद्रों पर विज्ञान, सामाजिक विज्ञान और अन्य विषयों की प्रैक्टिकल परीक्षा ली जा रही है. हजारों छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. लिखित परीक्षा समाप्त होने के बाद 18 मई से प्रायोगिक परीक्षा शुरू हुई थी, जो अब अंतिम चरण में है. विश्वविद्यालय की ओर से विषयवार केंद्र पहले ही निर्धारित कर दिये गये थे.

प्रयोगशालाओं में रह रही छात्रों की हलचल

कमला राय कॉलेज में फिजिक्स, केमिस्ट्री, जूलॉजी सहित अन्य विषयों की परीक्षा के दौरान प्रयोगशालाओं में लगातार हलचल बनी रही. छात्र प्रयोग करने के साथ-साथ वायवा की तैयारी में भी जुटे रहे. कई छात्रों ने बताया कि इस बार सामान्य प्रश्नों के अलावा प्रयोग से जुड़े सवाल अधिक पूछे गये. कॉलेज प्रशासन की ओर से परीक्षा को लेकर सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गयी थीं. केंद्राधीक्षक डॉ. एचके पांडेय ने बताया कि प्रयोगशालाओं में उपकरणों की जांच पहले ही कर ली गयी थी और शांतिपूर्ण परीक्षा के लिए सभी जरूरी इंतजाम किये गये हैं. वही महेंद्र महिला कॉलेज में होम साइंस विषय की प्रैक्टिकल परीक्षा आयोजित की जा रही है. इस विषय की छात्राओं के लिए यही एकमात्र केंद्र बनाया गया है. कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा को लेकर विशेष तैयारी की है. म्यूजिक विषय के छात्र-छात्राओं को प्रैक्टिकल परीक्षा के लिए छपरा स्थित जेपीएम कॉलेज जाना पड़ रहा है. शुक्रवार को परीक्षा का अंतिम दिन होने के कारण कॉलेजों में छात्रों की भीड़ और बढ़ने की संभावना है. विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रशासन ने सभी विद्यार्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने का निर्देश दिया है.

Also Read : Gopalganj News: जन सुराज का हल्ला बोल, सरकार पर लगाया युवाओं और महिलाओं से विश्वासघात का आरोप, ‘बिहार नवनिर्माण अभियान’ शुरू

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: YUVRAJ RATAN

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >