थावे. शुक्रवार को स्थानीय थाने के धोबवलिया बाजार से अपने ईंट भट्ठा पर जा रहे चिमनी मालिक के पुत्र को बाइक सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट लिया. उससे अपराधी दो मोबाइल, सोने की चेन और अगूंठी लूट फरार हो गये.
दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने दिया वारदात को अंजाम
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि थाना क्षेत्र के भुसाव गांव के चिमनी मालिक रंजन सिंह का पुत्र कुमार उज्ज्वल सिंह धोबवलिया बाजार से बाइक से अपने ईंट भट्ठा पर जा रहा था. जैसे ही बाइक से चिमनी की तरफ घूमने की कोशिश की, तो उसी दौरान चंवर से दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने उसे घेर लिया तथा कनपट्टी पर हथियार भिड़ा कर दो मोबाइल, गले से सोने की चेन और अंगूठी छीन ली. बाइक सवार अपराधी घटना के बाद धोबवलिया बाजार की तरफ फरार हो गये.
पुलिस ने की छानबीन
घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष हरेराम कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी. थानाध्यक्ष ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है. जल्द ही बदमाशों की पहचान कर उनको गिरफ्त में लिया जायेगा.
श्रीपुर में होटल संचालक को मारपीट कर हमलावरों ने 42 हजार छीने
फुलवरिया. श्रीपुर थाना क्षेत्र के माधोमठ गांव के मुख्य पथ के किनारे पोखर के पास घात लगाये आधा दर्जन हमलावरों ने होटल संचालक को घेरकर बेरहमी से पीटने के बाद 42 हजार छह सौ रुपये छीन लिये. सड़क के किनारे घायल अवस्था में पड़े होटल संचालक को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुलवरिया में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. इस घटना को लेकर होटल संचालक व माधोमठ गांव का निवासी झुना मिश्रा ने अपने ही गांव के आधार दर्जन लोगों के विरुद्ध थाने में शिकायत दर्ज करायी है.
रुपये लेकर सामान लेने के लिए अपने गांव के रास्ते जाने के दौरान छीने रुपये
इसमें उनके द्वारा आरोप लगाया गया है कि शुक्रवार की सुबह 8:00 बजे वह अपनी दुकान से रुपये लेकर सामान लेने के लिए अपने गांव के रास्ते जा रहा था. इसी बीच पोखर के पास उक्त सभी हमलावर घात लगाकर बैठे थे. अचानक घेरकर गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगे. हमलावरों ने इतना पीटा कि वह जमीन पर बेहोश होकर गिर पड़ा. इसके बाद उसके गले से सोने की चेन तथा हाथ के चांदी का कड़ा जबरन निकाल लिये. जब उसे होश में आया, तो उक्त हमलावरों ने धमकी दी कि इस मामले को लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी, तो अंजाम भुगतने को तैयार रहना. उधर होटल संचालक की लिखित शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुट गयी है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
