Gopalganj News : योजना वितरण दिवस पर मंत्री के हाथों सम्मान पाकर लाभुकों के चेहरे खिले

Gopalganj News : गन्ना विकास विभाग के मंत्री व जिले प्रभारी कृष्णनंदन पासवान और डीएम प्रशांत कुमार सीएच द्वारा योजना वितरण दिवस पर सभा कक्ष में विभिन्न जन प्रतिनिधियों और वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में सरकार की योजनाओं से लाभुकों को सम्मानित किया गया.

गोपालगंज. गन्ना विकास विभाग के मंत्री व जिले प्रभारी कृष्णनंदन पासवान और डीएम प्रशांत कुमार सीएच द्वारा योजना वितरण दिवस पर सभा कक्ष में विभिन्न जन प्रतिनिधियों और वरीय पदाधिकारियों की उपस्थिति में सरकार की योजनाओं से लाभुकों को सम्मानित किया गया. प्रत्येक माह की तरह जनवरी माह में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभुकों को खुशियों की सौगात दी है.

प्रशासन की पहल सराहनीय

प्रभारी मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न योजनाओं से लाभुकों को शीघ्र लाभ देने की पहल सराहनीय है. ऐसे कार्यक्रमों से आमजनों को त्वरित जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया जा रहा है. उन्होंने जिला पदाधिकारी की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिला प्रशासन यह प्रयास आगे भी सतत रूप से जारी रखे, ताकि आने वाले समय में सरकारी कार्यों में जरूरी जन भागीदारी सुनिश्चित हो सके.

14,516 छात्राओं को मिला मुख्यमंत्री बालिका प्रोत्साहन योजना

इस योजना के तहत सरकार इंटरमीडिएट पास करने वाली छात्राओं को एकमुश्त 25 हजार रुपये की राशि प्रदान करती है. वित्तीय वर्ष 2024-25 में गोपालगंज जिले की कुल 14,516 छात्राओं को प्रति छात्रा 25,000 की दर से कुल 36. 29 करोड़ रुपये प्रदान किये गये हैं. इस योजना अंतर्गत लाभुक सम्मान कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से छह लाभुकों को चेक देकर सम्मानित किया गया. सरकार की योजना का लाभ मिलने पर छात्रा आद्या के चेहरे खिल गये उसने कहा कि सरकार द्वारा प्राप्त इस सहायता राशि से आगे की पढ़ाई में मदद मिलेगी.

पीएम होम योजना में 10 लाभुकों को मिली घर की चाबी

वित्तीय वर्ष 2024 – 25 में कुल 5,908 लाभुकों को आवास का लाभ देने का लक्ष्य है. इसके तहत 5600 लाभुकों को प्रथम किस्त की राशि, 5148 लाभुकों को द्वितीय किस्त तथा 3323 लाभुकों को तृतीय किस्त की राशि प्रदान करते हुए कुल 897 लाभुकों का आवास निर्माण कार्य पूरा कराया जा चुका है. इस योजना के लिए कुल 11,732 अतिरिक्त लक्ष्य प्राप्त हुआ है. लाभुक सम्मान समारोह में 10 लाभुकों को घर निर्माण पूर्ण होने पर प्रतीकात्मक रूप से चाबी का वितरण किया गया.

अनुकंपा आधारित नौ जविप्र अनुज्ञप्ति पत्र का हुआ वितरण

वित्तीय वर्ष में कुल 09 लाभुकों को अनुकंपा के आधार पर जन वितरण प्रणाली विक्रेता अनुज्ञप्ति पत्र का वितरण किया गया है. कार्यक्रम में सांकेतिक रूप से 05 लाभुकों को अनुज्ञप्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

अभियान बसेरा-2 में 63 लाभुकों को मिली जमीन

सरकार द्वारा योग्य भूमिहीनों को चिह्नित कर भूमि उपलब्ध कराने हेतु भूमि पर्चा का वितरण किया जाता है. सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना से प्रतीकात्मक रूप से विभिन्न अंचलों के 63 लाभुकों को योजना वितरण दिवस पर भूमि पर्चा का वितरण किया गया.

10 लोगों को मिली अनुग्रह अनुदान योजना की राशि

अनुग्रह अनुदान योजना के तहत सरकार विभिन्न योजनाओं में मृतक के आश्रितों को सहायता राशि उपलब्ध कराती है. ऐसे 10 लाभुकों को कार्यक्रम में प्रतीकात्मक रूप से राशि उपलब्ध कराकर परिजनों को आर्थिक और संवेदनात्मक संबल प्रदान किया गया.

34 दिव्यांगजनों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण

दिव्यांगजन सशक्तीकरण के मद्देनजर विभिन्न तरह के सहायक उपकरण जैसे मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, हियरिंग एड आदि का वितरण किया जाता है. लाभुक सम्मान कार्यक्रम में ऐसे कुल 34 लाभुकों को जरूरत के मुताबिक सहायक उपकरण का वितरण भी किया गया. इस मौके पर विधायक कुसुम देवी, जिला परिषद अध्यक्ष सुबास सिंह, मुख्य पार्षद हरेंद्र चौधरी, डीडीसी कुमार विवेक निशांत, जिलास्तरीय वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >