सिधवलिया. नारायणी नदी के डुमरिया घाट पर नगर विकास एवं आवास विभाग से 459.97 लाख की लागत से बनने वाले बिजली शवदाह गृह तथा दो लकड़ी शवदाह गृह का शिलान्यास किया गया. केंद्रीय जलशक्ति राज्य मंत्री डॉ राजभूषण निषाद, दिल्ली के सांसद और भोजपुरी के सुपरस्टार मनोज तिवारी, बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री जीवेश मिश्रा, गन्ना मंत्री कृष्णनंदन पासवान, अतिपिछड़ा कल्याण मंत्री हरि सहनी तथा पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी द्वारा शिलान्यास किया गया. कार्यक्रम के शुरू में डीएम प्रशांत कुमार सीएच ने जिले में चल रहीं विकास योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जिले में चहुंमुखी विकास हो रहा है. शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी. मंत्रियों व नेताओं ने केंद्र व राज्य सरकार की विकास योजनाओं को गिनाया.
गांव के अंतिम व्यक्ति के विकास तक जाती है प्रधानमंत्री की सोच : केंद्रीय मंत्री
शिलान्यास समारोह के दौरान केंद्रीय राज्य मंत्री राजभूषण निषाद ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच गांव के अंतिम व्यक्ति के विकास तक जाती है. उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार ने गरीबों के लिए राशन, दवाई के साथ साथ आयुष्मान भारत से मुफ्त इलाज की व्यवस्था की है. उन्होंने कहा कि डुमरिया घाट पर शवदाह गृहों के निर्माण से अब अंतिम संस्कार में भी कोई परेशानी न होगी. केंद्रीय राज्य मंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में देश में हर क्षेत्र में विकास हो रहा है.
पर्यावरण, नदियों की स्वच्छता और अंतिम संस्कार में सुविधा के लिए यह सरकार का महत्वपूर्ण कदम : मनोज
शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि पर्यावरण, नदियों की स्वच्छता तथा अंतिम क्रिया में सुविधा के लिए यह सरकार का महत्वपूर्ण कदम है. बाबा बागेश्वर धाम की गोपालगंज यात्रा के विरोध के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि कुछ लोग सनातन के उत्कर्ष से परेशान हैं इसलिए उनको तो दिक्कत होगी ही. लेकिन जो लोग सत्य सनातन पर चलते हैं, धर्म पर चलते हैं उनके लिए बाबा की कथा उत्सव का माहौल है. नारायणी नदी पर शवदाहगृह के शिलान्यास के बाद सभी नेता पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे.
सुन ए बिहार के लाला व चट देनी मार देली खींच के तमाचा गाकर मनोज ने लोगों को झुमाया
नारायणी नदी के डुमरिया घाट पर शवदाह गृहों के शिलान्यास के बाद जब सांसद व सिने अभिनेता मनोज तिवारी पूर्व विधायक मिथिलेश तिवारी द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह में पहुंचे, तो उनकी झलक पाने व उनसे मिलने को लोग बेकरार हो उठे. दूर-दराज के भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. सांसद ने भी सबका अभिवादन किया और अपने गीतों पर सबको झुमाया. सुन, सुन ए बिहार के लाला तथा चट देनी मार देली खींच के तमाचा जब उन्हाेंने गाया, तो लोग खूब झूमे. वे होली मिलन समारोह के एक-एक पल को अपने मोबाइल में कैद कर लेना चाह रहे थे. होली मिलन समारोह में अबीर-गुलाल खूबे उड़े. मंत्रियों, सांसद, पूर्व विधायक समेत अन्य लोगों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगा कर रंगों के त्योहार की शुभकामनाएं दीं.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
