Gopalganj News (अजीत कुमार द्विवेदी की रिपोर्ट): गोपालगंज जिले के पंचदेवरी प्रखंड के 1156 पेंशनधारियों की लापरवाही अब उन पर भारी पड़ सकती है. बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद इन लाभुकों ने अब तक ई-केवाईसी के माध्यम से जीवन प्रमाणीकरण का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं कराया है. ऐसे में विभाग ने सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी नहीं करने वाले लाभुकों के खातों में पेंशन की राशि नहीं भेजी जाएगी.
बीडीओ आयुष राज आलोक ने बताया कि जिन लाभुकों ने जीवन प्रमाणीकरण का सत्यापन करा लिया है, उनके खातों में पेंशन की राशि भेज दी गई है और उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है. विभाग की गाइडलाइन के अनुसार शेष लाभुकों के भुगतान की प्रक्रिया रोक दी जाएगी. उन्होंने संबंधित लाभुकों से शीघ्र सत्यापन कराने की अपील की है.
प्रखंड के 1156 लाभुक अब भी प्रक्रिया से वंचित
मामले की तकनीकी जानकारी देते हुए कार्यपालक सहायक पिंटू कुमार ने बताया कि पंचदेवरी प्रखंड में कुल 7989 पेंशनधारी नामांकित हैं. इनमें से 5919 लाभुकों ने समय रहते ई-केवाईसी की प्रक्रिया को पूरी कर ली है. वहीं, प्रखंड के 1156 लाभुक अभी भी इस आवश्यक प्रक्रिया से पूरी तरह वंचित हैं. विभाग की ओर से उन्हें जल्द से जल्द आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का कड़ा निर्देश दिया गया है, ताकि भविष्य में उनकी पेंशन बाधित न हो.
मृत लाभुकों के खाते से की जाएगी सरकारी राशि की रिकवरी
लाभुकों की पंचायतवार जांच के दौरान एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया है. इस सत्यापन अभियान में प्रखंड के 403 लाभुक मृत पाए गए हैं. इनमें से कुछ लाभुक ऐसे भी हैं, जिनकी मृत्यु के बाद भी उनके खातों में लगातार पेंशन की राशि भेजी जाती रही. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने अब भुगतान की गई अवैध राशि की रिकवरी की प्रक्रिया शुरू कर दी है. इसके लिए संबंधित बैंकों को नोटिस भेजा गया है, ताकि सरकारी राशि की वसूली कर उसे वापस विभाग के खाते में जमा कराया जा सके.
पारदर्शिता के लिए उठाया गया सख्त कदम
लगातार चल रहे सत्यापन अभियान के बीच विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि पेंशन योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी. योजना में पारदर्शिता रहे तथा सभी योग्य लाभुकों को योजना का लाभ मिल सके, इसी वजह से जीवन प्रमाणीकरण का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है. इसके लिए सभी लाभुकों को पहले भी निर्देशित किया गया था.
‘योजना में पारदर्शिता बनी रहे तथा सभी योग्य लाभुकों को समय पर योजना का लाभ मिल सके, इसी उद्देश्य से जीवन प्रमाणीकरण का बायोमेट्रिक सत्यापन कराया जा रहा है. सभी लाभुकों को निर्धारित प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया है.’– आयुष राज आलोक, बीडीओ, पंचदेवरी
