गोपालगंज में 17.13 लाख की शराब जब्त, छह तस्कर गिरफ्तार, यूपी से पटना लाई जा रही थी खेप

Gopalganj Liquor Smuggling : गोपालगंज में पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,142 लीटर से अधिक देशी-विदेशी शराब जब्त की है. इस मामले में 6 तस्करों को गिरफ्तार किया गया है, जिनकी अनुमानित बिक्री कीमत 17 लाख रुपये से अधिक है.

Gopalganj Liquor Smuggling : गोपालगंज में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 1,142.480 लीटर देशी-विदेशी शराब जब्त की है. पुलिस ने इस दौरान छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है. शराब की ढुलाई में इस्तेमाल एक पिकअप, एक कार और दो मोटरसाइकिलें भी जब्त की गयी हैं. पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान में जुटी है.

अलग-अलग इलाकों में हुई कार्रवाई

गोपालगंज जिले में शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान जारी है. अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 1,142.480 लीटर शराब बरामद की. इसमें 1,017.480 लीटर विदेशी और 125 लीटर देशी शराब शामिल है.

करीब 17.13 लाख रुपये है अनुमानित बिक्री मूल्य

पुलिस के अनुसार, बरामद शराब को बिहार में करीब 1,500 रुपये प्रति लीटर की दर से बेचने की तैयारी थी. इस आधार पर जब्त शराब की अनुमानित बिक्री कीमत करीब 17.13 लाख रुपये बतायी गयी है. हालांकि यह अनुमानित बिक्री मूल्य है, जब्त शराब की वास्तविक बाजार कीमत अलग हो सकती है.

शराब तस्करी के दौरान जब्त शराब

यूपी से पटना ले जायी जा रही थी 914 लीटर शराब

कटेया थाना पुलिस ने 30 अगस्त को नन्दी पट्टी स्थित पैक्स गोदाम के पास वाहन जांच शुरू की थी. इसी दौरान उत्तर प्रदेश की ओर से आ रही एक पिकअप को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया. पुलिस को देखते ही चालक ने वाहन भगाने की कोशिश की, लेकिन पीछा करने के बाद पुलिस ने पिकअप को रोक लिया.

पिकअप से 914.880 लीटर विदेशी शराब मिली

पिकअप की तलाशी लेने पर 914.880 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई. पुलिस ने राजस्थान के बाड़मेर निवासी राजा राम उर्फ राजेश जाट को गिरफ्तार किया. पूछताछ में उसने शराब उत्तर प्रदेश के तमकुहीराज से खरीदकर पटना में बेचने के लिए ले जाने की बात बतायी. पुलिस के अनुसार, जांच में पिकअप के चोरी का होने की बात भी सामने आयी है.

कार से भी 102.6 लीटर शराब बरामद

श्रीपुर थाना पुलिस ने मिश्रबतरहा गांव में वाहन जांच के दौरान एक कार को रोका. तलाशी में कार से 102.6 लीटर विदेशी शराब मिली. पुलिस ने मौके से मिथुन साह और पंकज कुमार को गिरफ्तार किया तथा कार को जब्त कर लिया.

उचकागांव में 49.2 लीटर देशी शराब जब्त

उचकागांव थाना पुलिस ने महेचा बाजार के पास छापेमारी कर 49.200 लीटर देशी शराब बरामद की. पुलिस ने शराब तस्करी से जुड़े आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मामले में प्राथमिकी दर्ज की है.

विशम्भरपुर में 75.8 लीटर शराब के साथ तीन गिरफ्तार

विशम्भरपुर थाना पुलिस ने सिपाया खास में वाहन जांच के दौरान 75.80 लीटर देशी शराब बरामद की. इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया गया. शराब की ढुलाई में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी पुलिस ने जब्त की हैं.

छह आरोपितों को भेजा जा रहा न्यायिक हिरासत में

पुलिस ने सभी मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की सप्लाई और बिक्री के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं.

तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों से जांच

पुलिस के अनुसार, नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान के लिए मानवीय और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है. जांच में शराब की खरीद, परिवहन और संभावित सप्लाई चैन से जुड़ी कड़ियों को खंगाला जा रहा है.

कुल बरामदगी एक नजर में

  • विदेशी शराब: 1,017.480 लीटर
  • देशी शराब: 125 लीटर
  • कुल शराब: 1,142.480 लीटर
  • अनुमानित बिक्री मूल्य: करीब 17.13 लाख रुपये
  • गिरफ्तार आरोपित: 6
  • जब्त वाहन: 1 पिकअप, 1 कार और 2 बाइक

Also Read : गोपालगंज में पार्षद सहित 314 लोग की गतिविधियों पर पुलिस की नजर, तैयार हुआ डोजियर

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मनीष राज

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >