Gopalganj News: गोपालगंज जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को बुधवार को बड़ी मजबूती मिली. मॉडल सदर अस्पताल में नवनिर्मित पांच बेड के अत्याधुनिक आईसीयू (इंटेंसिव केयर यूनिट) का लोकार्पण मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के अन्य जिला अस्पतालों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से किया. नई सुविधा शुरू होने से अब गंभीर मरीजों को बेहतर और त्वरित उपचार के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा.
आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है नया आईसीयू
मॉडल सदर अस्पताल में स्थापित यह अत्याधुनिक आईसीयू आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, मॉनिटरिंग सिस्टम और आवश्यक जीवनरक्षक सुविधाओं से लैस है. यहां गंभीर मरीजों की 24 घंटे निगरानी और प्रभावी उपचार की व्यवस्था की गई है. इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को समय पर इलाज मिलने के साथ उनकी जान बचाने की संभावना भी बढ़ेगी.
अब अधिकांश गंभीर मरीजों का इलाज जिले में ही संभव
सिविल सर्जन डॉ. महम्मद इसरायल ने बताया कि आईसीयू शुरू होने से गंभीर मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी. पहले गंभीर स्थिति वाले मरीजों को पटना या अन्य बड़े शहरों के अस्पतालों में रेफर करना पड़ता था, लेकिन अब अधिकांश मामलों का इलाज गोपालगंज में ही किया जा सकेगा. इससे मरीजों और उनके परिजनों के समय और आर्थिक खर्च में भी कमी आएगी.
स्वास्थ्य व्यवस्था होगी और मजबूत
उन्होंने कहा कि नई आईसीयू सुविधा से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था और सशक्त होगी तथा हजारों मरीजों को इसका सीधा लाभ मिलेगा. अस्पताल प्रशासन ने आईसीयू के सफल संचालन के लिए आवश्यक चिकित्सकीय संसाधनों, उपकरणों और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की व्यवस्था भी कर दी है.
ये रहे मौजूद
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. महम्मद इसरायल, अस्पताल प्रबंधक जान महमद, कैप्टन एस.के. झा, डॉ. सनऊल मुस्तफा, जीएनएम कर्मी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे.
